फिरोजाबादलीक्स…डाकघर में 1.1 करोड़ से अधिक का गबन का आरोपी उपडाकपाल भेजा जेल. ग्राहकों की रकम सरकारी कोष में नहीं कराई जमा…
फिरोजाबाद में उपडाकपाल ने ग्राहकों से मिलने वाले पैसे को उनके खाते में तो जमा करा दिया लेकिन पैसे को सरकारी कोष में नहीं जमा कराया. 1.1 करोड़ से अधिक का गबन करने के आरोप में उप डाकपाल को रविवार को पुलिस ने अरेस्ट कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है. मई 2025 में उसे निलंबित कर दिया गया था और विभागीय जांच चल रही थी. जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद थाना जसराना में शनिवार रात को उपडाकपाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई और आज रविवार को उसे जेल भेज दिया गया.
आरोपी उपडाकपाल का नाम अवधेश सिंह निवासी मैनपुरी है. दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि उपडाकपाल ने डाकघर का 1,11,85000 रुपये का गबन किया है. अवधेश सिंह काफी समय तक पाढ़म डाकघर में तैनात रहा. टूंडला डाकघर में गबन के मामले का खुलासा करने पर विभाग द्वारा पूरे डिवीजन में जांच कराई गई थी और इस जांच में पाढ़म डाकघर के अंदर भी 1,11,85000 रुपये के गबन की जानकारी हुई थी जिस पर विभाग में खलबली मच गई थी. उपडाकपाल अवधेश सिंह को मई 2025 में निलंबित कर दिया गया और जांच की गई तो मालूम हुआ कि उपडाकपाल ने ग्राहकों से लिए पैसे को उनके खाते में तो जमा कर दिया लेकिन पैसे को सरकारी कोष में जमा नहीं कराया.