आगरालीक्स…आगरा में कमला नगर के व्यापारी परेशान. बोले—बाजार में केवल एक शौचालय, पार्किंग की समस्या विकराल, ग्राहक आने से कतरा रहे. इन समस्याओं को भी रखा
कमला नगर व्यापार संगठन समिति की स्थानीय बाजार की ज्वलंत समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण आमसभा कमला नगर स्थित होटल पार्कलेन में संपन्न हुई। सभा का शुभारंभ आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं कमला नगर व्यापार संगठन समिति के संरक्षक टीएन अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। आमसभा की अध्यक्षता कमला नगर व्यापार संगठन समिति के अध्यक्ष अमित अग्रवाल पारुल ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय दुकानदारों ने अपनी समस्याएं आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल तथा क्षेत्रीय पार्षद पंकज अग्रवाल एवं प्रदीप अग्रवाल के समक्ष रखीं।
सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अमित अग्रवाल पारुल ने कहा कि नगर निगम द्वारा कमला नगर को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाना एक सराहनीय पहल है, जिससे क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और विकास हुआ है। किंतु यह सौंदर्यीकरण स्थानीय व्यापारियों के लिए धीरे-धीरे बड़ी समस्या बनता जा रहा है। विशेषकर त्योहारों के समय पार्किंग की समस्या विकराल रूप ले लेती है, जिसके कारण ग्राहक बाजार में आने से बचते हैं और इसका सीधा नुकसान स्थानीय दुकानदारों को उठाना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि कमला नगर बाजार में सार्वजनिक शौचालय की भी गंभीर समस्या है। मॉडल रोड की योजना के दौरान नगर निगम द्वारा एक दर्जन से अधिक शौचालयों के निर्माण का प्रस्ताव दुकानदारों के समक्ष रखा गया था, किंतु वर्तमान में पानी की टंकी के पास केवल एक शौचालय ही बना हुआ है। उसकी भी नियमित साफ-सफाई और रखरखाव नहीं किया जाता, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
व्यापारियों की एक और गंभीर समस्या को उठाते हुए अमित अग्रवाल ने कहा कि कुछ स्थानीय अराजक तत्व बिना किसी ठोस आधार के आवास विकास परिषद में शिकायतें कर देते हैं। परिणामस्वरूप, मानकों के अनुरूप निर्माण होने के बावजूद दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों को नोटिस जारी कर दिए जाते हैं। इससे व्यापारी अपना व्यापार संभालने के बजाय नोटिसों का जवाब देने में उलझे रहते हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
इस पर आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी स्थानीय व्यापारी एकजुट होकर प्रतिमाह जिलाधिकारी के साथ होने वाली बैठक में भाग लें और अपनी समस्याएं साक्ष्यों के साथ मजबूती से रखें। आगरा व्यापार मंडल पूरी तरह से व्यापारियों के साथ खड़ा है और किसी भी प्रकार का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।
सभा में विराट हिंदू एकता सम्मेलन के संयोजक मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने सभी व्यापारियों से 25 जनवरी को सत्यम पार्क में आयोजित होने वाले विराट हिंदू एकता सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की।
सभा का संचालन सचिन सारस्वत ने किया। इस अवसर पर समिति के महामंत्री पुनीत मदान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष मित्तल, कोषाध्यक्ष उमेश अरोड़ा, संरक्षक योगेश अग्रवाल, नितिन चतुर्वेदी, मनीष अग्रवाल, पंकज गर्ग, विनय गुप्ता, राजकुमार शाक्य, गजेंद्र शर्मा, सागर वाधवानी, अनीश कालरा, हरीश शर्मा, रवि बंसल आदि व्यापारी उपस्थित रहे।