आगरालीक्स…आगरा में बचपन एवं एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल में मनाया गणतंत्र दिवस. बच्चों ने निकाली विशाल स्वच्छता रैली
बचपन एवं एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया। बचपन एवं एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल, भावना एस्टेट, सिकंदरा, आगरा तथा इसकी समस्त शाखाओं बचपन कमला नगर एवं बचपन आवास विकास सेक्टर-7, सिकंदरा के प्रांगण में 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ, जिसके पश्चात सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन कर देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। इस अवसर पर विद्यालय परिसर “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों एवं वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा महात्मा गांधी, भगत सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, चंद्रशेखर आज़ाद सहित विभिन्न स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में प्रस्तुत झांकियाँ रहीं, जिन्होंने सभी को देश के स्वर्णिम इतिहास की याद दिला दी। बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति कविताएँ, प्रभावशाली भाषण, समूह नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ अत्यंत सराहनीय रहीं। गणतंत्र दिवस के अवसर पर बचपन एवं एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल द्वारा एक विशाल स्वच्छता रैली का आयोजन भी किया गया। यह रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर भावना एस्टेट, गणपति आशियाना, राम रघु आनंदा, ग्वाला डिपार्टमेंटल स्टोर एवं आसपास की विभिन्न कॉलोनियों एवं सोसाइटियों से होते हुए निकाली गई। रैली के माध्यम से बच्चों ने स्वच्छ भारत–स्वस्थ भारत का संदेश दिया। इस अभियान में स्थानीय निवासियों एवं सोसाइटी पदाधिकारियों का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे कार्यक्रम और भी सफल एवं प्रभावशाली बना।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के के प्रधानाचार्य मोहित गर्ग एवं निदेशिका गुंजन गर्ग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व, भारतीय संविधान की गरिमा, नागरिक कर्तव्यों एवं अधिकारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, एकता, स्वच्छता, देशप्रेम एवं सामाजिक जिम्मेदारी को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। सम्पूर्ण कार्यक्रम देशभक्ति, संस्कार, सामाजिक चेतना एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत रहा तथा सभी उपस्थित जनों के मन में देश के प्रति गर्व और सम्मान की भावना जागृत कर गया।