आगरालीक्स…आगरा में बनेंगे 25 हजार नए राशन कार्ड. जनसेवा केंद्रों पर कर सकते हैं आनलाइन आवेदन. जानिए कौन लोग हो सकते हैं पात्र…
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ‘अंत्योदय’ के अपने संकल्प को सिद्ध करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठा रही है। ताजनगरी आगरा में खाद्य सुरक्षा के दायरे को बढ़ाते हुए अब करीब 25 हजार नए राशन कार्ड (लगभग एक लाख यूनिट) बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस निर्णय से जिले के उन हजारों पात्र परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी, जो लंबे समय से सरकारी राशन योजना का लाभ पाने की प्रतीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप अपात्रों के कार्ड निरस्त होने के बाद रिक्त हुई जगहों को अब वास्तविक जरूरतमंदों से भरा जा रहा है। जिले में अब तक करीब 10 हजार पात्र परिवारों के राशन कार्ड बनाए जा चुके हैं। वर्तमान में आगरा जनपद में कुल राशन कार्डों की संख्या 7.30 लाख है, जिनमें से अंत्योदय कार्डों की संख्या 9567 है।
पात्रता की शर्तें
प्रशासन ने नए राशन कार्ड के लिए स्पष्ट आय सीमा निर्धारित की है ताकि लाभ केवल पात्रों तक पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्र के आवेदक के परिवार की वार्षिक आय 2 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। वहीं शहरी नगर निकाय क्षेत्रों के लिए वार्षिक आय की सीमा 3 लाख रुपये निर्धारित की गई है। यदि किसी परिवार के पास चार पहिया वाहन या शस्त्र लाइसेंस जैसी वस्तुएं हैं, तो वे आवेदन के पात्र नहीं होंगे।
जनसेवा केंद्रों से ऑनलाइन करें आवेदन
प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए इसे पूरी तरह ऑनलाइन रखा गया है। पात्र लाभार्थी जनसेवा केंद्र (सीएससी) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड (लिंक होना आवश्यक है), राजस्व विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और नवीनतम फोटोग्राफ आदि आवेदन के लिए अनिवार्य हैं।
जिले में राशन वितरण के लिए एक मजबूत नेटवर्क काम कर रहा है। जिले में कुल 1240 राशन की दुकानें हैं। इनमें से शहरी क्षेत्र में 340 और देहात (ग्रामीण) क्षेत्र में 900 दुकानें संचालित हैं, ताकि लोगों को उनके घर के पास ही अनाज मिल सके।
उत्तर प्रदेश सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि जिले में कोई भी पात्र व्यक्ति राशन से वंचित न रहे। आवेदन के बाद आपूर्ति विभाग द्वारा भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन में पात्र पाए जाने पर तत्काल डिजिटल राशन कार्ड जारी कर दिया जाएगा, जिससे अगले वितरण चक्र से उन्हें मुफ्त राशन मिलना शुरू हो जाएगा। ऑनलाइन प्रक्रिया से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई है।
- आनंद कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी