आगरालीक्स…आगरा के बाजारों में चांदी की जगह अब व्हाइट मेटल की पायलों की खूब हो रही बिक्री. चांदी खरीदना आमजन से हुआ दूर तो कारोबारियों ने किया ये काम
सोने और चांदी के दाम आसमान छू रहे हैं और हर दिन इनकी कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है. हाल ये है कि चांदी इस समय साढ़े 3 लाख रुपये से अधिक पहुंच गई है तो वहीं 10 ग्राम सोने का रेट भी 1.60 से अधिक है. ऐसे में आमजन के लिए सोना और चांदी खरीदना काफी मुश्किल हो गया. खासकर सहालग के समय में. इस समय सहालग का समय चल रहा है. घरों में शादियां हैं तो ज्वैलरी भी खरीदनी होगी लेकिन ज्वैलरी खरीदना आम लोगों के बजट के पूरी तरह से बाहर हो गया है. इसका असर मार्केट में भी देखा गया. पिछले करीब तीन महीने से बाजारों में सोने—चांदी के जेवरातों की बिक्री काफी कम हुई है. इससे दुकानदारों में चिंता जताई गई लेकिन उन्होंने अब इसका एक समाधान खोज लिया है
दुकानदारों ने मार्केट में उतारी व्हाइट मैटल
शादी विवाहों में अक्सर चांदी की पायलें आदि दी जाती हैं लेकिनी चांदी की पायलें और बिछुए बनवाना अब आसान काम नहीं रहा, ऐसे में चांदी की घटती दुकानदारी को देखते हुए कारोबरियों ने व्हाइट मेटल को मार्केट में चांदी का रूप देकर उतारा है. क्योंकि यह दिखने में चांदी जैसी ही चमकदार होती है. मार्केट में चांदी के गहनों, विशेषकर पायल और फैंसी आभूषणों की जगह व्हाइट मेटल और अन्य किफायती धातुओं जैसे स्टेनलेस सटील, तांबा, जस्ता ने जगह ले ली है. यह बदलाव मुख्य रूप से महंगाई के कारण आया है, जहां लोग भारी चांदी के बजाय समान दिखने वाले सस्ते विकल्प पसंद कर रहे हैं. निर्मातओं ने मिश्रण में बदलाव किया है. जरूरत के अनुसार जर्मन सिल्वर को तांबा, पीतल आदि धातुओं के समन्वय पर प्रयोग किया गया. मिश्रण के आधार पर गिलट को सुधार कर इसे व्हाइट मेटल का रूप दिया गया है जो कि मार्केट में पसंद भी किया जा रहा है और दुकानदारी भी ट्रैक पर आ रही है.
आसपास के जिलों में भी बढ़ी मांग
आगरा में व्हाइट मेटल की मांग के बढ़ने का प्रभाव इतना है कि अब आगरा के आसपास के जिलों फिरोजााबद, मथुरा, हाथरस में भी व्हाइट मेटल को पसंद किया जा रहा है. चांदी की तरह चमकदार दिखने वाली यह धातु ग्राहकों को खूब भा रही है.