आगरालीक्स …Agra News: आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में चक्कर की समस्या से पीड़ित मरीजों के लिए हर मंगलवार स्पेशल ओपीडी, एक रुपये में परामर्श, कान की समस्या के कारण आते हैं चक्कर। ( Agra News: Vertigo Clinic in SNMC, Agra on every tuesday)
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज की ईएनटी विभाग की ओपीडी में हर मंगलवार को चक्कर (वर्टिगो) ओपीडी संचालित की जाएगी। एक रुपये के पर्चे पर मरीजों को परामर्श मिलेगा। चक्कर से पीड़ित मरीजों को डॉक्टर सिर के व्यायाम बताएंगे इससे अधिकांश मरीजों की चक्कर की समस्या ठीक हो सकती है।
कान के संतुलन में गड़बड़ी से आते हैं चक्कर
एसएन मेडिकल कॉलेज में चक्कर डिजीकॉन–आगरा 2026” का आयोजन किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि चक्कर यानी वर्टिगो केवल एक न्यूरोलॉजिकल लक्षण नहीं, बल्कि अधिकांश मामलों में एक ओटो-न्यूरोलॉजिकल विकार होता है, यह आंतरिक कान (वेस्टिबुलर सिस्टम) और केंद्रीय तंत्रिका तंत्र की समस्या के कारण होता है। 70–80% वर्टिगो के मामले परिधीय कारणों—जैसे बीपीपीवी, मेनियर्स डिज़ीज़, वेस्टिबुलर न्यूराइटिस, लैब्रिन्थाइटिस एवं क्रॉनिक ओटाइटिस मीडिया यानी कान के संक्रमण होते हैं।
ईएनटी विशेषज्ञ सटीक बेडसाइड वेस्टिबुलर जांच, ऑडियो-वेस्टिबुलर परीक्षणों (PTA, VNG, vHIT, VEMP) की व्याख्या तथा उपचारात्मक मैनूवर्स में दक्ष होते हैं, जबकि न्यूरोलॉजिस्ट केंद्रीय कारणों जैसे स्ट्रोक, माइग्रेन, डिमायलिनेशन एवं न्यूरोडीजेनेरेटिव रोगों की पहचान करते हैं।
सिर को घुमाने के व्यायाम से मिल जाती है राहत
इस तरह की बीमारी में सिर को एक विशेष दिशा में घुमाने का व्यायाम कराया जाता है इससे मरीज को काफी राहत मिल जाती है। एसएन के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता, ईएनटी के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. आरएस गिल, डॉ. राकेश गुप्ता, ईएनटी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. रितु गुप्ता, डॉ. अनीता भंडारी, डॉ. प्रतिष्ठा सचान, डॉ. रजत जैन, डॉ. प्रतीक पोरवाल, डॉ. ओजे, डॉ. पंकज, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. अखिल प्रताप सिंह, डॉ. सोम्यता नीरज, डॉ. इशिता आदि मौजूद रहे।