आगरालीक्स…आगरा के दवा मार्केट में बड़ी कार्रवाई, एक साथ 15 टीमों ने मारा छापा.
आगरा के फुब्बारा दवा मार्केट में रविवार शाम चार बजे एक साथ औषधि विभाग की 15 टीमों ने छापा मारा है. सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय के साथ ही कई जिलों के ड्रग इंस्पेक्टर की टीम पहले माहेश्वरी मार्केट पहुंची, यहां टीम ने कई थोक दवा व्यापारियों के यहां जांच की है. खरीद और बिक्री का रिकॉर्ड देखा और इसके साथ ही संदिग्ध दवाओं की जांच की. इसके बाद टीम ने फुब्बारा दवा बाजार के अन्य मार्केट के साथ ही हींग की मंडी में भी जांच की.टीम की कार्रवाई देर रात तक जारी रह सकती है.मुख्यालय के निर्देश पर जांच में जुटी टीमें
औषधि विभाग की टीमें मुख्यालय लखनऊ के निर्देश पर जांच कर रही हैं. टीम को संदिग्ध और नारकोटिक्स दवाओं की बिक्री की सूचना मिली है. इसके बाद फुब्बारा दवा मार्केट में इतनी बड़ी कार्रवाई की गई है. सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय का कहना है कि अभी जांच की जा रही है.
फुब्बारा दवा मार्केट में 600 से अधिक थोक की दुकानें हैं. औषधि विभाग की कार्रवाई के दौरान कई मार्केट में दुकानों के शटर गिर गए. दुकानें बंद कर कारोबारी चले गए. छापे के दौरान दवा कारोबारियों की भीड़ भी लगी रही.