आगरालीक्स…आगरा में फेवीक्विक लगाते ही बदल दिया जाता था एटीएम कार्ड. 153 एटीएम कार्ड के साथ पुलिस ने तीन शातिरों को किया अरेस्ट…इनके कारनामे जानकर चौंक जाएंगे
आगरा में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले गैंग को पुलिस ने अरेस्ट किया है. ये शातिर बड़ी चालाकी के साथ मदद के बहाने से लोगों के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया करते थे. पुलिस ने इनके पास से 153 एटीएम कार्ड, एक लाख से अधिक का कैश और तीन मोबाइल व कार बरामद की है.फेवीक्विक लगाकर कार्ड स्लॉट को करते थे जाम
डीसीपी आदित्यकुमार ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपना शिकार बनाते थे. ये शातिर एटीएम मशीन के कार्ड स्लॉट में फेवीक्विक लगाकर उसे जाम कर देते थे. इसके बाद बाहर खड़े हो जाते थे. जैसे ही कोई एटीएम के अंदर कैश निकालने के लिए कार्ड डालता था तो फेवीक्विक लगे होने के कारण कार्ड जाम हो जाता था.
मदद के बहाने बदलते थे एटीएम कार्ड
इसके बाद ये शातिर मदद करने के बहाने उनके पास पहुंच जाते थे और इस दौरान वे पीड़ित का एटीएम पिन देख लेते थे और चालाकी से उसका असली कार्ड बदलकर फर्जी कार्ड थमा देते थे. बाद में असली कार्ड के जरिए अलग—अलग एटीएम से खाते से पैसे निकाल लेते थे. पुलिस के अनुसार इस गिरोह ने अब तक 16.50 लाख से अधिक की ठगी की है.
पुलिस के अनुसार ये गैंग यूपी के साथ दिल्ली, हरियाणा, बिहार और एमपी सहित कई राज्यों में सक्रिय है. यूपी के 35 जिलों में ये वारदात कर चुके हैं. पुलिस ने इनके पास से वाई फाई डोंगल, सिम कार्ड समेत उपकरण भी बरामद किए हैं. गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है.