आगरालीक्स…आगरा में दिल दहला देने वाली घटना. चलती स्कूल बस की जर्जर सीट से नीचे गिरी कक्षा 1 की छात्रा , बस का पहिया ऊपर से गुजर गया, मौत
आगरा में दिल दहला देने वाली और लापरवाही की एक घटना सामने आई है. चलती स्कूल बस की जर्जर सीट से उस पर बैठी 9 साल की कक्षा 1 की छात्रा नीचे गिर गई. नीचे गिरने से बस का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया. अन्य बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद बस को रोका गया. घायल बच्ची को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई. बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है.घटना थाना एत्मादपुर के नगला काले की है. यहां ब्रह्मजीत रहते हैं. इनकी 9 साल की एक बेटी नैना आरबीएस स्कूल एत्मादपुर में कक्षा 1 की छात्रा थी. परिजनों ने बताया कि रोज की तरह नैना बस से स्कूल गई थी और दोपहर में बस से ही वापस घर लौटती थी. आज दोपहर भी वह स्कूल की छुट्टी होने के बाद बस में घर जाने के लिए बैठी. बस जर्जर हालत में थी और उसकी सीटें भी गली हुई थीं जिस पर चद्दर डाल दी गई थी. जैसे ही बस चलने लगी. बस चलते समय ब्रेकर आने पर सीट गिरने से नैना नीचे गिर गई और बस का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया. अन्य बैठे बच्चों ने शोर मचाया. जब बस को रोका गया तो नैना लहूलुहान हालत में थी. इसके बाद उसे गोयल हॉस्पिटल ले जाया गया जहां उसको मृत घोषित कर दिया गया.
परिजनों में मचा कोहराम
परिजनों का कहना है कि बच्ची जब काफी देर तक वापस घर नहीं लौटी तो स्कूल में जानकारी की. बाद में पता चला कि बच्ची का एक्सीडेंट हो गया है और उसे अस्पताल ले जाया गया है. जब परिजन हॉस्पिटल पहुंचे तो वहां नैना की मौत हो चुकी थी. बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. छात्रा की मौत से दादी और मां बेसुध हो गईं.
कुछ रोज पहले भी अलीगढ़ में इसी तरह की घटना में एक छात्रा की मौत हो गई थी. चलती बस में वह भी जर्जर सीट से नीचे गिर गई थी और बस का पहिया उसके ऊपर से निकल गया था जिससे उसकी भी मौत हो गई थी.