आगरालीक्स…आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच आकार लेने लगे मेट्रो स्टेशन. कुल 14 मेट्रो स्टेशन बनेंगे. जानिए कितना काम हुआ पूरा और कौन—कौन से स्टेशन कहां—कहां बनेंगे
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच बन रहे दूसरे कॉरिडोर में तेज गति के साथ निर्माण कार्य किया जा रहा है. यूपी मेट्रो ने दूसरे कॉरिडोर में 2706 पाइल का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. इसके साथ ही यूपीएमआरसी द्वारा दूसरे कॉरिडोर में अब तक 398 पिलर बनकर तैयार हो गए हैं.आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच बन रहे दूसरे कॉरिडोर में में कुल 4096 पाइल, 762 पाइलकैप एवं 762 पियर का निर्माण किया जाना है. जिसमें से अब तक 2706 पाइल, 428 पाइलकैप एवं 398 पिलर का निर्माण किया जा चुका है. इसके साथ ही अब तक 207 पियरकैप एवं 120 यू गर्डर का परिनिर्माण भी किया जा चुका है. इस भाग के लिए डौकी स्थित कास्टिंग यार्ड में पियरकैप, यू गर्डर आदि की कास्टिंग की जा रही है.
आकार लेने लगे हैं दूसरे कॉरिडोर के मेट्रो स्टेशनआगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर में स्टेशन अब आकार लेने लगे हैं. आगरा कैंट, सदर बाजार एवं मेट्रो स्टेशन का तेज गति के साथ किया जा रहा है.

4 स्टेशन बनेंगे
शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले एमजी रोड पर मेट्रो ऐलिवेटेड चलेगी. आगरा कैंट से एमजी रोड तक इसका काम शुरू कर दिया गया है. फिलहाल हरीपर्वत चौराहे तक मेट्रो की बैरिकेडिंग लग चुकी है. इस रूट पर कुल 14 ऐलिवेटिड स्टेशनों का निर्माण किया जाना है. इस कॉरिडोर की मदद से यमुनापार क्षेत्र से लोग आसानी से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन सहित शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर आ जा सकेंगे.
ये होगा दूसरे कॉरिडोर का पूरा रूट
आगरा कैंट से एमजी रोड होते हुए हाइवे जाकर कालिंदी विहार तक मेट्रो के 14 स्टेशन बनेंगे. एमजी रोड पर बीच में मेट्रो चलेगी और जहां—जहां स्टेशन बनेंगे उसके दोनों ओर स्टेशनों पर जाने के लिए रास्ते होंगे. आगरा कैंट से मेट्रो के बाद सदर स्टेशन बनेगा. इसके बाद एमजी रोड पर मेट्रो आएगी. यहां प्रतापपुरा, कलक्ट्रेट, आगरा कॉलेज, हरीपर्वत, संजय प्लेस पर स्टेशन बनेंगे. इसके बाद मेट्रो का एमजी रोड पर आखिरी स्टेशन दीवानी के पास होगा जिसे एमजी रोड नाम दिया जाएगा. यहां से मेट्रो भगवान टाकीज फ्लाईओवर को ऊपर से क्रॉस करते हुए अबुउलाह रोड की तरफ आएगी और आगे जाकर सुल्तानगंज की पुलिया स्टेशन बनेगा. सुल्तानगंज की पुलिया के आगे से मेट्रो लंगडे की चौकी की तरफ क्रॉस करेगी और लंगड़े की चौकी के पास मेट्रो का कमला नगर स्टेशन बनेगा. फिर इसी दिशा में मेट्रो आगे के लिए रवाना होगी और आगे जाकर पहले रामबाग, फिर फाउंड्री नगर, मंडी समिति और कालिंदी विहार नाम के मेट्रो स्टेशन बनेंगे.

आगरा कॉलेज पर बनेगा इंटरचेंज
आगरा कॉलेज पर बनने वाला मेट्रो स्टेशन सबसे खास होगा. यहां इंटरचेंज स्टेशन बनेगा. यह स्टेशन दोनों कॉरिडोर को आपस में कनेक्ट करेगा. पहले कॉरिडोर ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा तक होगा तो वहीं दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक होगा. इन दोनों ही कॉरिडोर का इंटरचेंज स्टेशन आगरा कॉलेज होगा.
आगरा कैंट
सदर बाजार
प्रतापपुरा
कलैक्ट्रेट ( फ्यूचर स्टेशन- सुभाष पार्क)
आगरा कॉलेज
हरीपर्वत
संजय प्लेस
एमजी रोड
सुल्तानगंज की पुलिया
कमला नगर
रामबाग
फाउंड्री नगर
मंडी समिति
कालिंदी विहार