आगरालीक्स …Agra News: आगरा में दौड़ती स्कूल बस के टूटे फर्श से गिरने से पहिये से कुचलकर छात्रा की मौत पर मुकदमा दर्ज। डाक्टर बनना चाहती थी नैना।
आगरा के एत्मादपुर के गांव नगला लाले के रहने वाले दूध व्यापारी ब्रह्मजीत की बेटी नौ साल की नैना, 12 साल की परी और आठ साल का बेटा कान्हा है। ये एत्मादपुर स्थित आरबीएस पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ते हैं। बुधवार दोपहर 1.30 बजे स्कूल की छुटटी होने के बाद घर जाने के लिए स्कूल बस में 35 बच्चे बैठे थे। जिस सीट पर नैना बैठी थी उसका फर्श गला हुआ था और छेद हो रहा था, नगला बिहारी मोड़ के पास स्पीड ब्रेकर के कारण बस में बैठी नैना उछल कर टूटे फर्श से नीचे गिर गई। इसे देख बच्चों ने शोर मचा दिया। करीब 100 मीटर आगे चलकर ड्राइवर ने बस रोकी, नैना पर बस का पहिया निकल गया था। ड्राइवर ने सहायक को वहीं छोड़ दिया और खुद स्कूल पहुंच गया।
बाइक से लेकर पहुंचे अस्पताल
नैना को स्कूल का स्टाफ बाइक से गोयल हॉस्पिटल, यमुना पार लेकर पहुंचा, यहां डॉक्टरों ने नैना को म्रत घोषित कर दिया। इसे देख स्कूल का स्टाफ भी मौके से भाग गया, प्रबंधन ने स्कूल पर ताला लगा दिया और ड्राइवर सहित अन्य लोग भी मौके से भाग गए।
स्कूल प्रबंधक और ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज
छात्रा के पिता की तहरीर पर स्कूल प्रबंधक और बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बस का रजिस्ट्रेशन भी नहीं था। डीसीपी पश्चिम जोन आदित्य सिंह का कहना है कि बयान के आधार पर गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराएं बढ़ाई जांएगी। परिजनों का कहना है कि नैना पढ़ने में होशियार थी और वह डॉक्टर बनना चाहती थी।