आगरालीक्स…ये स्कूल बस है या कबाड़, आगरा में कक्षा 1 की छात्रा नैना की मौत के बाद एक्शन. स्कूल प्रबंधक और चालक पर मुकदमा…
एत्मादपुर के भागूपुर गांव में संचालित आरबीएस पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल की दौड़ती कंडम बस के टूटे फर्श से सीट पर बैठी कक्षा एक की नौ वर्षीय छात्रा नैना पुत्री ब्रह्मजीत निवासी नगला लाले की सड़क पर गिरने के बाद बस का पिछला पहिया ऊपर से निकल जाने पर हो गई। बिहारीपुर ग्राम के पास हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद शिक्षा विभाग के साथ अन्य महकमों के अधिकारी भी गंभीर हो गए हैं। मृतक छात्रा नैना के स्कूल की मान्यता खत्म करने के साथ स्कूल संचालक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक डा. मुकेश चंद्र अग्रवाल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को दिए हैं।अधिकारियों की टीम अब स्कूल का निरीक्षण कर उसकी मान्यता एवं भौतिक संसाधन आदि की स्थिति परखेगी। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि स्कूल ने कक्षा आठवीं तक की मान्यता बेसिक शिक्षा विभाग से ले रखी थी। जबकि विद्यालय में 11वीं तक की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। अब हाईस्कूल और इंटर की मान्यता की जांच भी की जाएगी। यदि अवैध रूप से कक्षाओं का संचालन मिला तो स्कूल संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
स्कूल प्रबंधक और चालक को तलाश रही पुलिसबीती रात पोस्टमार्टम के बाद छात्रा गांव नगला लाले में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पिता की तहरीर पर स्कूल प्रबंधक और बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस स्कूल प्रबंधक और चालक की तलाश कर रही है।
डाक्टर बनने के सपने संग चली गई बेटी नैना
मृतक छात्रा नैना का सपना था कि वह पढ़-लिखकर डाक्टर बनेगी और सभी बीमार लोगों की सेवा करेगी। इस बात का जिक्र करते हुए पिता ब्रह्मजीत की आंखों में आज, गम और गुस्से के इतने आंसू हैं, जितना उनकी टंकी में रोजाना दूध होता था। रुंधे गले से कहते हैं कि स्कूल बस के लापरवाह चालक ने अगर मानवीयता दिखाई होती तो मेरी बेटी नैना आज भी जिंदा होती। उसका डाक्टर बनने का सपना उसी के साथ चला गया।