आगरालीक्स ..Agra News: आगरा में निजी स्कूलों के किताब कॉपी और ड्रेस में करोड़ों के कमीशन के खेल पर सख्ती, स्कूल में किताब कॉपी और ड्रेस की स्टॉल लगाने पर होगा मुकदमा। स्कूलों को बेसिक शिक्षा कार्यालय में देनी होगी, किताबों की प्रमाणित सूची। एनसीईआरटी और एससीईआरटी की किताबें ही छात्रों को लेने के लिए कहा जाएगा। ( Agra News: Action will be taken if Books & dress sale from school’s in Agra)
आगरा के निजी स्कूलों में रिजल्ट के साथ ही किताब कॉपी और ड्रेस खरीदने के चिन्हित की गई दुकानों पर भेजा जा रहा है। इसके साथ ही स्कूल के अंदर भी स्टॉल लगाकर किताब कॉपी और ड्रेस की बिक्री की जाती है। इस तरह की शिकायतें मिलने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे स्कूल परिसर में किताबों का स्टॉक नहीं रखेंगे और स्कूल में किताब कॉपी और ड्रेस की बिक्री के लिए स्टॉल नहीं लगाई जाएगी।
बीएसए कार्यालय में देनी होगी किताबों की सूची
निजी स्कूलों में एनसीईआरटी और एससीईआरटी की किताबों से ही पढ़ाई कराई जाएगी। स्कूलों को नए सत्र में लगाई जा रहीं किताबों की सूची भी बीएसए कार्यालय को देनी होगी, ऐसा न करने पर स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, साथ ही किताब कॉपी की मनमानी पर प्रकाशकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।