मथुरालीक्स…बांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं को धक्का—मुक्की से मिलगी राहत. मंदिर के प्रवेश द्वार से लेकर निकास द्वार तक लगाई गई रेलिंग. कतारबद्ध होकर दर्शन कर सकेंगे श्रद्धालु
वृंदावन में ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी के दर्शनों के लिए देश के कोने—कोने से श्रद्धालु पहुंचते हैं. यहां भीड़ का आलम ऐसा होता है कि कई बार श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ जाता है और धक्कामुक्की के हालात पैदा हो जाते हैं. इसके कारण पर्यटकों के बीमार होने और बेहोश होने जैसी घटनाएं भी सामने आती रही हैं लेकिन अब श्रद्धालुओं को इन समस्याओं का सामना नहीं करना होगा. श्री बांकेबिहारी मंदिर हाईपावर्ड प्रबंध कमेटी के निर्देश पर मेरठ की कार्यदायी संस्था ने दोनों प्रवेश मार्गों पर रेलिंग लगाने का काम पूरा कर लिया है. मंदिर के अंदर प्रवेश द्वार से लेकर निकास द्वार तक रेलिंग लगाई गई हैं. मेरठ की कार्यदायी संस्था कनिका कंस्ट्रक्शन ने मंदिर के बाहर प्रवेश द्वार दो और तीन से लेकर चबूतरा की सीढ़ियों तक रेलिंग लगाई हैं. सोमवार से श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर मंदिर के बाहर से ही रेलिंग के बीच से गुजरते हुए प्रवेश किया. इससे मंदिर के द्वार पर भीड़ के दबाव के कारण आपाधापी के हालात और धक्कामुक्की से भक्तों को निजात मिली. रेलिंग के आसपास पुलिस और सुरक्षाकर्मी भी श्रद्धालुओं को प्रवेश की व्यवस्था कतारबद्ध तरीके से कराने के लिए तैनात रहे.