आगरालीक्स…आगरा में पेट्रोल पंप संचालकों को प्रशासन की चेतावनी. आदेश जारी कर कहा—नियम तोड़ने वालों पर होगी एफआईआर
मिडिल ईस्ट में चल रही जंग के बीच पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है. लोग गाड़ियों के अलावा बोतल और कैन में भी पेट्रोल व डीजल भरवाकर ले जा रहे हैं. सरकार और प्रशासन द्वारा बार—बार कहा जा रहा है कि आपाधापी न करें, फ्यूल का पर्याप्त भंडार है लेकिन इसके बावजूद पंपों पर वाहन चालकों की भीड़ दिख रही है. अब आगरा में प्रशासन ने सख्ती अपनाते हुए पेट्रोल पंप संचालकों को नोटिस जारी किया है और चेतावनी दी है कि अगर नियम नहीं माने तो एफआईआर दर्ज होगी. जिलापूर्ति अधिकारी आनंद कुमार के अनुसार जानकारी में आ रहा है कि लोग पेट्रोल व डीजल का अवैध भंडारण कर रहे हैं, यह खतरनाक है और भीषण अग्निकांड का कारण भी बन सकता है. घरों या असुरक्षित स्थानों पर पेट्रोल डीजल रखना जानलेवा साबित हो सकता है. शिकायतें आ रही हैं कि कुछ पंप संचालक सादा पेट्रोल खत्म होने की बात कहकर ग्राहकों को जबरन प्रीमियम पेट्रोल खरीदने पर मजबूर कर रहे हैं. डीएसओ ने चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसे पंपों को चिन्हित कर जांच शुरू कर दी गई है. कठोर कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने फिर स्पष्ट किया है कि जिले में तेल की कोई किल्लत नहीं है. स्थिति पूरी तरह से सामान्य है. प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि अवैध भंडारण न करें.