आगरालीक्स:……Agra News: आगरा में शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण अटक गए हैं, आवेदन करने के चार महीने बाद भी नवीनीकरण नहीं पा रहा है, कार्रवाई के डर से लोग अपने लाइसेंसी पिस्टल, रिवाल्वर, बंदूक सहित अन्य असहले को साथ लेकर नहीं चल रहे हैं।
आगरा में 52 हजार शस्त्र लाइसेंस हैं। हर तीन से पांच साल के बाद शस्त्र लाइसेंस का नवीनीकरण कराना होता है, नवीनीकरण ना कराने पर लाइसेंसी असहले को साथ लेकर नहीं चल सकते हैं। आयुध कार्यालय में हर रोज 40 से 50 आवेदन शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए आ रहे हैं, इससे आवेदनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। 500 से अधिक आवेदन हैं जिनके लाइसेंस का नवीनीकरण होना है।
एसआईआर के चलते नवीनीकरण की प्रक्रिया हुई धीमी
शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए आवेदन करने पर पुलिस और संबंधित तहसील से रिपोर्ट ली जाती है इसके बाद एडीएम सिटी और डीएम द्वारा नवीनीकरण की फाइल पर हस्ताक्षर किए जाते हैं। मगर, कर्मचारियों की एसआईआर में डयूटी लगने के चलते नवीनीकरण के आवेदनों के निस्तारण की प्रक्रिया धीमी हो गई है इससे नवीनीकरण के आवेदनों की संख्या बढ़ती जा रही है। वहीं, नवीनीकरण ना होने से शस्त्र लाइसेंसी परेशान हैं। वे अपने असहले को साथ लेकर नहीं चल सकते हैं उनकी सुरक्षा को भी खतरा रहा है।