आगरालीक्स…आगरा में अक्षय तृतीया पर दो बेटियों को मिला नया जीवन, लायंस क्लब कोनरॉय ने दो निर्धन कन्याओं का वैदिक रीति रिवाजों के साथ कराया विवाह
अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर लायंस क्लब कोनरॉय द्वारा विजय क्लब, विजय नगर में प्रथम सामूहिक विवाह समारोह का भावपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर दो निर्धन कन्याओं का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया। समारोह में भावनाओं, संस्कारों और सेवा की सुंदर झलक देखने को मिली, जहां हर किसी की आंखें खुशी और संतोष से नम नजर आईं। कार्यक्रम में नवदंपतियों को पूर्ण गृहस्थी का सामान भेंट किया गया, जिससे वे अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ कर सकें। विवाह की सभी रस्में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुईं। मुख्य अतिथि लायंस क्लब के पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर जितेंद्र चौहान एवं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जितेंद्र चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर ऐसे सेवा कार्यों में योगदान देना चाहिए, ताकि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक जीवन की नई शुरुआत मिल सके। अजय भार्गव ने कहा कि लायंस क्लब सदैव सेवा और सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित रहा है तथा इस प्रकार के सामूहिक विवाह समारोह समाज में सहयोग और समरसता की भावना को मजबूत करते हैं। क्लब के अध्यक्ष विशाल सिंघल और सचिव संजय गुप्ता ने बताया कि यह क्लब का पहला सामूहिक विवाह समारोह है और भविष्य में इसे और व्यापक स्तर पर आयोजित करने का संकल्प लिया गया है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद कन्याओं को इसका लाभ मिल सके। समारोह के दौरान क्लब के सभी सदस्यों ने दूल्हा-दुल्हनों का द्वार पर पारंपरिक रीति से स्वागत कर आरती उतारी। अतिथियों का स्वागत कोषाध्यक्ष आशीष गर्ग द्वारा किया गया। इस अवसर पर निखिल अग्रवाल, नीतू, सौम्या गुप्ता, रूपाली, नेहा, अंकित, रोहित, सौरभ अग्रवाल, पारुल गोयल, भावेश शाह, हेमंत वशिष्ठ, राज बंसल, गोविंद सुगंधी, जितेंद्र गुप्ता, सुमित, निधि अग्रवाल उपस्थित रहे।