आगरालीक्स…आगरा नगर निगम सदन में भाजपा पार्षद ने शर्ट उतारकर किया प्रदर्शन. भड़कीं मेयर बोलीं—यह अशोभनीय हरकत…नगर आयुक्त को दिए कार्रवाई के आदेश
आगरा नगर निगम में सोमवार को सदन के दौरान नाले और सीवर की सफाई का मुद्दा पूरे दिन छाया रहा लेकिन सदन के दौरान ही कुछ ऐसा हुआ जिससे मेयर हेमलता दिवाकर भड़क गईं. सदन में अचानक पीछे बैठे भाजपा पार्षद हरिओम बाबा आए और शर्ट उतारकर मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगर आयुक्त के सामने धरने पर बैठ गए. भाजपा पार्षद ने कहा कि आगरा नगर निगम में 15 ऐसे सफाई मित्र हैं जो कि आगरा नगर निगम से वेतन तो ले ही रहे हैं साथ ही फिरोजाबाद नगर निगम से भी वेतन ले रहे हैं. उन्होंने सफाई मित्रों की भर्ती में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया.
मेयर भड़कीं—दिए कार्रवाई के आदेश
भाजपा पार्षद हरिओम बाबा के शर्ट उतारकर प्रदर्शन करने पर मेयर भड़क गईं. उन्होंने कहा कि यह अशोभनीय हरकत है. अगर आपको कोई अपनी बात रखनी थी कि तो आप मुझे बता सकते थे लेकिन शर्ट उतारकर प्रदर्शन क्यों किया. इस तरीके से प्रदर्शन करना उचित नहीं हैं. यहां महिलाएं भी हैं. मेयर ने इसके बाद नगर आयुक्त को पार्षद के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए आदेश् दिए.
नगर निगम सदन में नाले और सीवर की सफाई को लेकर पार्षदों ने करीब एक घंटे तक हंगामा काटा. पार्षदों ने कहा कि अधिकारियों का कहना है कि 80 प्रतिशत नालों की सफाई हो चुकी है तो आगरा में कितने नाले हैं. लेकिन इसका जवाब अधिकारी नहीं दे सके. नालों की जानकारी न होने पर पार्षद भड़क गए. मेयर ने भी सख्त लहजे में कहा कि जवाब नहीं है तो अधिकारी सदन में न बैठें. पार्षदों का कहना था कि शहर में 6 हजार के आसपास कर्मचारी हैं. कमी नहीं हैं. 10 सफाईकर्मी देने की बात कही थी. अगर नियुक्ति् हुई है तो कितने वार्ड में हुई, इसकी जानकारी अधिकारी दें.