आगरालीक्स…आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि में प्रवेश प्रक्रिया शुरू. विदेशी छात्रों ने भी एडमिशन के लिए किया एप्लाई. समर्थ पोर्टल पर शुरू हुई प्रक्रिया…
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया सोमवार, 11 मई 2026 से समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रारंभ कर दी है। कुलपति प्रो. आशु रानी ने बताया कि विश्वविद्यालय के आवासीय संस्थानों एवं विभागों के साथ-साथ विश्वविद्यालय से संबद्ध 572 महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए विद्यार्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी मात्र 400 रुपये के पंजीकरण शुल्क पर 50 अलग-अलग पाठ्यक्रमों एवं महाविद्यालयों के लिए आवेदन कर सकेंगे। साथ ही विद्यार्थी अपने पंजीकरण के दौरान विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों का चयन भी कर सकेंगे।विदेशी छात्रों ने किया एडमिशन के लिए एप्लाई
कुलपति ने बताया कि भारत के बाहर से भी विभिन्न देशों के विद्यार्थी प्रवेश के लिए आवेदन कर रहे हैं। अब तक नेपाल, बांग्लादेश, भूटान, श्रीलंका तथा विभिन्न अफ्रीकी देशों से लगभग 50 आवेदन पूर्णकालिक पाठ्यक्रमों के लिए प्राप्त हो चुके हैं। वहीं शॉर्ट टर्म कोर्स के लिए रूस एवं यूक्रेन जैसे देशों से विद्यार्थी लगातार विश्वविद्यालय में अध्ययन हेतु आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि विदेशी विद्यार्थियों के आवास की बेहतर व्यवस्था विश्वविद्यालय द्वारा की गई है। साथ ही उत्तर प्रदेश के बाहर के विद्यार्थियों की पात्रता संबंधी समस्याओं का समाधान भी कर दिया गया है, जिससे अब वे सामान्य कटऑफ के आधार पर प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे।
समर्थ पोर्टल पर पूरा विवरण उपलब्ध
उन्होंने बताया कि सभी महाविद्यालयों एवं आवासीय संस्थानों में संचालित पाठ्यक्रमों का विस्तृत विवरण समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध कराया गया है। विद्यार्थियों को आवेदन से पूर्व अपना अपार आईडी पूर्ण करने की सलाह दी गई है। सभी पाठ्यक्रमों की न्यूनतम पात्रता भी पोर्टल पर स्पष्ट रूप से अंकित की गई है, जिससे आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं सुविधा सुनिश्चित हो सके। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए हैं। विद्यार्थियों को पंजीकरण प्रक्रिया समझाने एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय द्वारा एक आधिकारिक वीडियो लिंक भी जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त किसी भी समस्या के समाधान हेतु हेल्पलाइन ई-मेल आईडी samarthdbrau@gmail.com जारी की गई है, जिस पर विद्यार्थी अपनी समस्या मेल के माध्यम से भेज सकते हैं।
प्रो. आशु रानी ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में इस सत्र से रोजगारपरक (AEDP) के छह नए पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक रोजगार के अनुरूप प्रशिक्षण एवं शिक्षा प्राप्त हो सकेगी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी विश्वविद्यालय द्वारा छह नए पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए थे।
प्रो. आशु रानी ने सभी अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि विद्यार्थी आवेदन स्वयं भरने का प्रयास करें, जिससे आवेदन में मात्राओं, स्पेलिंग अथवा अन्य त्रुटियों की संभावना कम हो सके। इससे प्रवेश, परीक्षा, अंकपत्र एवं डिग्री में भविष्य में होने वाली गलतियों से भी बचा जा सकेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से वर्तमान समय का स्पष्ट फोटोग्राफ अपलोड करने की भी अपील की, ताकि प्रवेश के बाद किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि नई प्रवेश प्रक्रिया विद्यार्थियों के लिए अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक एवं छात्र हितकारी सिद्ध होगी।