आगरालीक्स…आगरा में अप्रैल माह के कितने चालान हुए, इसका आंकड़ा देखकर चौंक जाएंगे. 116 एक्सीडेंट में 70 की मौत…डीएम ने सड़क सुरक्षा व रोड एक्सीडेंट की घटनाओं का किया रिव्यू तो मिली ये जानकारी
जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में बताया गया कि माह अप्रैल- 2026 में परिवहन विभाग द्वारा बिना हेलमेट के 1327, बिना शीटबेल्ट 416, वाहन चलाते समय मोबाईल फोन के प्रयोग में 243, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 260, ड्रंकन ड्राइविंग में 29, ओवरस्पीडिंग में 244, स्टंटिंग/खतरनाक ढंग से वाहन चलाने पर 14 प्रवर्तन की कार्यवाही की गई। वहीं अप्रैल 2026 में पुलिस विभाग द्वारा बिना हेलमेट 67554, बिना शीटबेल्ट 760 , वाहन चलाते समय मोबाईल फोन के प्रयोग में 196, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 361, ड्रंकन ड्राइविंग में 17, ओवरस्पीडिंग में 10424, स्टंटिंग/खतरनाक ढंग से वाहन चलाने पर 20 प्रवर्तन की कार्यवाही की गई। जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग द्वारा विगत वर्ष के सापेक्ष कम प्रवर्तन कार्यवाही पर संबंधित से जवाब तलब किया जिसमें बताया गया कि विभिन्न कारणों से 4 पीटीओ की उपलब्धता न होने से प्रवर्तन की कार्यवाही में कमी आई है, पुलिस विभाग द्वारा भी विगत वर्ष के सापेक्ष कम प्रवर्तन कार्यवाही पर नाराजगी व्यक्त की तथा इस माह लक्ष्य के सापेक्ष प्रवर्तन कार्यवाही कर सड़क सुरक्षा उपाय अनुपालन कराने के कड़े निर्देश दिए।लाइसेंस निलंबन की भी ली जानकारी
बैठक में मा.सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुपालन में विभिन्न अपराधों में किये गये लाइसेंस निलम्बन कार्यवाही की समीक्षा की गई, जिसमें परिवहन विभाग द्वारा बताया गया कि ओवर स्पीडिंग में 244, ड्रंकन ड्राइविंग में 58, मोबाईल फोन के प्रयोग में 243, माल वाहनों में यात्री बिठाये जाने पर 21 तथा ओवर लोडिंग में 177 कुल 743 चालान किये गये हैं, तथा इनमें से 39 प्रकरणों में लाइसेंस निलंबन हेतु कार्यवाही अग्रसारित की गई है तथा पुलिस विभाग द्वारा भी उपरोक्त में 10637 चालान किए गए लेकिन लाइसेंस निलंबन हेतु कोई भी प्रकरण अग्रसारित नहीं किया गया है। बैठक में परिवहन विभाग द्वारा माह अप्रैल 2026 में निलंबित किए गए लाइसेंसों का विवरण तलब किया गया जिसमें बताया गया कि कुल 70 लाइसेंस निलम्बन की कार्यवाही की गई है जिसमें ओवर स्पीडिंग में 09,ड्रंकन ड्राइविंग के अन्तर्गत 14, ओवर लोडिंग में 26 अन्य अभियोगों में 21लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।जिलाधिकारी ने प्रवर्तन कार्यवाही के सापेक्ष कम ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन पर नाराजगी व्यक्त की।
बैठक में स्मार्ट सिटी के अंतर्गत आईटीएमएस सिस्टम द्वारा शहर में, एक्सप्रेस-वे तथा अन्य मार्गों पर स्थापित इलेक्ट्रॉनिक प्रवर्तन युक्तियों द्वारा कृत कार्यवाही की समीक्षा की गई जिसमें बताया गया कि स्मार्ट सिटी के आईटीएमएस सिस्टम द्वारा पुलिस विभाग के संचालन में 788325 प्राप्त इमेजेज की संख्या में 267586 चालानों की कार्यवाही की गई है, जिलाधिकारी ने प्राप्त इमेजेज के सापेक्ष कृत चालानों की संख्या कम होने, किए गए चालानों की राशि की रिकवरी कम होने पर संबंधित से कारण स्पष्ट करने तथा सुधार के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देशित किया कि स्मार्ट सिटी के आईटीएमएस सिस्टम से डाटा प्राप्त कर 01 जनवरी 2025 से अब तक का डेटा एनालिसिस कर 03 या 03 से अधिक बार सड़क सुरक्षा के नियमों का वॉयलेशन करने व चालान राशि भुगतान न करने वालों के विरुद्ध ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
44 ब्लैक स्पॉट्स में से 41 पर रोड सेफ्टी आडिट पूरा
बैठक में जनपद में स्थित ब्लैक स्पॉट्स की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि मा. सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित कमेटी ऑन रोड सेफ्टी द्वारा ब्लैक स्पॉट को चिन्हीकरण हेतु निर्देशित किया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग या राजमार्ग अथवा एमडीआर पर स्थित 500 मीटर दूरी का यह स्थान हो जहाँ विगत तीन वर्षों में कुल 05 मार्ग दुर्घटनाएं घटित हुई हों, या 03 कैलेंडर वर्ष में 10 से ज्यादा मृत्यु हुई हों,जिसके अन्तर्गत बताया गया कि वर्ष 2025 में पुलिस विभाग द्वारा कुल 44 ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित हैं, जिनमें से 41 पर रोड सेफ्टी ऑडिट का कार्य पूर्ण हो गया है। जिलाधिकारी महोदय ने पुलिस विभाग को पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कराए गए रोड सेफ्टी कार्य की वेरिफाई रिपोर्ट आगामी बैठक में प्रस्तुत करने तथा अन्य ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर सुधार करने के निर्देश दिए।
अप्रैल में 1116 एक्सीडेंट और 70 की मौत
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया जनपद सड़क दुर्घटनाओं में 42 वें स्थान पर है, तथा तुलनात्मक रूप से अप्रैल 2025 में 134 सड़क दुर्घटनाओं के सापेक्ष माह अप्रैल- 2026 में 116 सड़क दुर्घटना दर्ज की गईं, इन दुर्घटनाओं में अप्रैल 2025 में 71 मृतकों के सापेक्ष अप्रैल -2026 में 70 मृतकों की संख्या रही, जबकि क्रमिक रूप से जनवरी 2026 से अप्रैल 2026 तक विगत वर्ष के तुलनात्मक माह के 274 के सापेक्ष 248 मृतकों की संख्या रही है, इसी प्रकार विगत वर्ष के तुलनात्मक माहों के 497 दुर्घटनाओं के सापेक्ष 418 दुर्घटनाएं दर्ज की गई जिनमें तुलनात्मक रूप से कमी आई है।