आगरालीक्स…आगरा में यातायात नियमों का पालन करने व सुरक्षित वाहन चलाने के लिए रोड सेफ्टी अभियान चलाएगी आगरा आर्थोपेडिक सोसाइटी. अधिष्ठापन समारोह में ली गई शपथ
आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी का अधिष्ठापन समारोह खंदारी स्थित होटल लेमन ट्री में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में नवागत अध्यक्ष डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ, सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी और कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव वोहरा सहित अन्य पदाधिकारियों ने पद एवं दायित्व की शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर सोसाइटी के सदस्यों ने जनपदवासियों को यातायात नियमों और रोड सेफ्टी के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया। सोसाइटी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग, सुरक्षित वाहन संचालन तथा ट्रॉमा-केयर जागरूकता जैसे विषयों पर वर्षभर अभियान चलाए जाएंगे।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. एस.सी. गोयल, विशिष्ट अतिथि डॉ. एस.सी. साहू, डॉ हरीश चंद्रा,डॉ. अशोक विज, निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. अतुल अग्रवाल तथा निवर्तमान सचिव डॉ. अनुपम गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। स्वागत भाषण निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. अतुल अग्रवाल ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन निवर्तमान सचिव डॉ. अनुपम गुप्ता द्वारा किया गया। डॉ. अनुपम गुप्ता ने विगत वर्ष सोसाइटी द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि उनके कार्यकाल में 30 से अधिक जागरूकतापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जो आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के लिए एक नया कीर्तिमान है।
नवागत अध्यक्ष डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ, सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी और कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव वोहरा ने आगामी वर्ष की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कहा कि सोसाइटी अकादमिक गतिविधियों, सामाजिक जागरूकता, रोड सेफ्टी, ट्रॉमा प्रिवेंशन और सदस्य सहभागिता को विशेष प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि एओएस को और अधिक सक्रिय, पारदर्शी और जनहितकारी संस्था के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। समारोह के दौरान वर्षभर सोसाइटी द्वारा आयोजित विभिन्न जागरूकतापूर्ण कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने वाले प्रबुद्धजनों एवं सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के वरिष्ठ सदस्य, पूर्व पदाधिकारी, नव-निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्य तथा शहर के अनेक गणमान्य चिकित्सक उपस्थित रहे।