आगरालीक्स…आगरा के श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में भक्तिभाव से मनाया पवित्र धारण उत्सव
प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के मंदिर में आज पुरुषोत्तम मास के तहत पवित्र धारण उत्सव का आयोजन भक्तिभाव के साथ किया गया। उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के दर्शन किए। धार्मिक अनुष्ठानों का पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण देखने को मिला। उत्सव का शुभारंभ प्रातःकालीन मंगला दर्शन एवं विशेष पूजन के साथ हुआ। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और पुष्टिमार्गीय परंपराओं के अनुसार ठाकुरजी का पंचामृत एवं सुगंधित द्रव्यों से अभिषेक किया गया। भगवान को विशेष रूप से तैयार किए गए पवित्र सूत्र अर्पित किए गए। रंग-बिरंगे रेशमी धागों और पुष्पों से निर्मित पवित्रों से ठाकुरजी का मनोहारी श्रृंगार किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।मंदिर के धार्मिक विद्वानों ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में पवित्र धारण उत्सव का विशेष महत्व है। यह उत्सव भगवान के प्रति समर्पण, आत्मशुद्धि और भक्ति भाव का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि इस अवधि में भगवान की आराधना करने और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आगमन होता है। उत्सव के दौरान भजन-कीर्तन और संकीर्तन का आयोजन भी किया गया। श्रद्धालु भगवान के जयघोष और मधुर भजनों पर भावविभोर होकर झूमते नजर आए। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों, रंगीन विद्युत सजावट और पारंपरिक अलंकरणों से सजाया गया। भक्तों ने इसे आध्यात्मिक ऊर्जा और भगवान की कृपा प्राप्त करने का अनुपम अवसर बताते हुए ऐसे आयोजनों को धर्म और संस्कृति के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर मुख्य रूप से राकेश अग्रवाल, लव अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, ब्रज खंडेलवाल, मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय, जुगल स्रोत्रिय आदि उपस्थित थे।