आगरालीक्स…स्नान यात्रा (यमुना उत्सव) में ठाकुर जी को कराया गया शीतल जल विहार. आगरा में अधिकमास मनोरथ उत्सव के 24वें दिन श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में सजा विशेष यमुना उत्सव
नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में चल रहे श्री पुरुषोत्तम (अधिकमास) मनोरथ उत्सव के अंतर्गत 24वें दिन स्नान यात्रा (यमुना उत्सव) श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज को ग्रीष्म ऋतु की तपन से शीतलता प्रदान करने के भाव से विशेष जल विहार मनोरथ अर्पित किया गया। पुष्टिमार्गीय परंपरा में ग्रीष्मकाल के दौरान यमुना महारानी एवं ठाकुर जी के लिए विशेष शीतल सेवा मनोरथों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में मंदिर परिसर को आकर्षक पुष्प सज्जा से अलंकृत किया गया तथा जल, सुगंधित पुष्पों और शीतल वातावरण के माध्यम से ठाकुर जी को आनंद एवं विश्राम प्रदान करने का भाव प्रस्तुत किया गया। उत्सव के दौरान ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार किया गया। जल की शीतलता और यमुना महारानी की कृपा का स्मरण करते हुए वैष्णव श्रद्धालुओं ने प्रभु के दिव्य दर्शनों का लाभ प्राप्त किया। मंदिर में भक्ति एवं माधुर्य से ओत-प्रोत वातावरण बना रहा और श्रद्धालु प्रभु की सेवा एवं कीर्तन में तल्लीन रहे। मुख्य सेवाधारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि स्नान यात्रा या यमुना उत्सव का उद्देश्य प्रभु को ग्रीष्म ऋतु में शीतलता और आनंद प्रदान करना है। यमुना महारानी पुष्टिमार्ग में कृपा और भक्ति की अधिष्ठात्री मानी जाती हैं, इसलिए यह उत्सव विशेष महत्व रखता है।सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि उत्सव के अंतर्गत विशेष सेवा, श्रृंगार और भोग अर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर ठाकुर जी के शीतल जल विहार मनोरथ के दर्शन किए। आज के यमुना उत्सव की मनोरथ सेवा दिनेश पचौरी, आशीष पचौरी, रानू पचौरी एवं विशाल पचौरी द्वारा संपन्न कराई गई।