आगरालीक्स…Agra News: आगरा में मॉल के बेसमेंट की खुदाई के दौरान केनरा बैंक की छत और दीवार ढहने में पुलिस ने लगाई फाइनल रिपोर्ट, जानें पूरा मामला। ( Agra Live News: Agra Police submit Final report in Bheraun Bajar Canara Bank collapse during Mall construction )
आगरा के भैरों बाजार, बेलनगंज में 23 अप्रैल को निर्माणाधीन मॉल की खुदाई के दौरान कैनरा बैंक की छत और दीवार गिर गई थी। जिस समय हाउसा हुआ उस समय बैंक में 11 कर्मचारी और चार लोग मौजूद थे। सभी ने भागकर जान बचाई थी लेकिन मलबे में लॉकर और दस्तावेज दब गए थे, बैंक को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के साथ ही मलबे से दस्तावेज और लॉकर को निकाला गया था।
पुलिस ने एडीए की रिपोर्ट के आधार पर लगाई फाइनल रिपोर्ट
इस मामले में थाना छत्ता के दरोगा योगेश पवार की तरफ से क्रधा अर्थ डेवलपर्स एलएलपी के मालिक राकेश कोहली और क्रष्णा भू विकास एलएलपी के मालिक विनोद कुमार अग्रवाल सहित अज्ञात बिल्डर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले की जांच के लिए एडीए ने कमेटी गठित की, एडीए ने जांच में क्लीन चिट देते हुए कहा था कि मानकों के अनुरूप ही निर्माण कार्य चल रहा था, हादसे की वजह भवन का कमजोर होना था। पुलिस ने इस मामले में एडीए से रिपोर्ट मांगी। एडीए की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भी फाइनल रिपोर्ट लगा दी है। डीसीपी सिटी का मीडिया से कहना है कि एडीए की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है।