आगरालीक्स…आगरा में बादलों का डेरा लगा रहा लेकिन बारिश न के बराबर. उमसभरी गर्मी ने किया बेहाल. जानें कितने हैं बारिश के आसार
आगरा में शुक्रवार—शनिवार की रात को हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत देने का काम किया. रात करीब तीन बजे के बाद से शुरू हुई बारिश सुबह पांच बजे तक हुई. इसके बाद भी आसमान में काले घने बादलों का डेरा छाया रहा. हर पल लगा कि कुछ ही देर में बारिश होगी लेकिन शाम चार बजे तक कुछ नहीं हुआ. शाम साढ़े चार बजे बादल और गहरे हुए और कुछ देर में बारिश होने लगी. लेकिन यह बारिश भी चंद मिनट के लिए हुई और बदं हो गई. बादल छाने और बारिश न होने से उमसभरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया. दोपहर के समय उमस सबसे अधिक रही. मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को आगरा का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान को धता बताकर आगरा में बारिश न के बराबर हुई है जबकि मौसम विभाग ने आगरा में जोरदार बारिश की संभावनाएं जताई थीं. अभी भी बादलों का डेरा लगा हुआ है और आज रात तक बारिश हो सकती है. हालांकि रविवार ओर सोमवार का दिन आसमान साफ रह सकता है.