आगरालीक्स…अजब गजब, आगरा में मौत के 17 घंटे बाद महिला हुई जिंदा. अंतिम संस्कार की चल रही थी तैयारी. शरीर में हलचल देख हर कोई रह गया हैरान
आगरा में एक अजब गजब और हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एत्माद्दौला क्षेत्र के श्री नगर कॉलोनी में रहने वाली एक 65 वर्ष की महिला की मौत हो गई थी. परिवार का दावा है कि घरवाले अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे लेकिन अचानम महिला के शरीर में हलचल हुई और उन्होंने अपने दामाद का हाथ पकड़ लिया और कहा कि मैं जिंदा हूं. यह देखकर हर कोई हैरान रह गया. महिला को निजी अस्प्ताल में भर्ती कराया गया है.जानिए क्या है पूरा मामला
एत्माद्दौला के श्रीनगर कॉलोनी में शीला देवी अपने बेटे सुनील माहौर के परिवार के साथ रहती हैं. इनके पति हरिओम माहौर की मौत हो चुकी हे. इनका दूसरा बेटा संजीव माहौर बंदायूं के एक निजी अस्प्ताल में कार्यरत है. परिवार के अनुसार शीला देवी को सांस संबंधी बीमारी थी और कई दिनों से तबीयत खराब थी. डेढ़ महीने पहले शीला देवी इलाज के लिए अपने बेटे के पास बदायूं चली गई थीं. बीते सोमवार को बेटे ने शीला देवी को बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया.
अस्पताल में मौत, एंबुलेंस से लाए शव
मंगलवार को उन्हें वेंटीलेटर पर रख दिया गया. बुधवार तड़के करीब तीन बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद बेटा उनके शव को लेकर शाम के समय एंबुलेंस से आगरा घर लेकर आ गए. घर के एक कमरे में शव जमीन पर रख दिया गया और अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गई थीं. सारा सामान भी आ गया था और रिश्तेदार भी शोक मनाने पहुंच गए थे.
परिवार का दावा है कि रात 8 बजे अचानक शीला देवी के शरीर में हलचल होने लगी. शीला देवी के दामाद ने उन्हें छुआ तो शीला देवी ने उनका हाथ पकड़ लिया और कहा कि मुझे कहां ले जा रहे हों, तुम सब रो क्यों रहे हो. हम तो जिंदा हैं. मैं मरी नहीं हूं. इसके बाद वहां अफरातफरी मच गई. परिजनों ने बिना देर किए शीला देवी को एक निजी अस्प्ताल में भर्ती कराया जहां उनका उपचार किया जा रहा है.