आगरालीक्स…आगरा में एक बुजुर्ग यमुना में छलांग लगाने अंबेडकर पुल पर पहुंच गया. रेलिंग पर चढ़कर कूदने की वाला था तभी एक युवक ने बचा लिया…ये बताई वजह
पारिवारिक विवाद से आहत एक बुजुर्ग ने गुरुवार शाम अंबेडकर पुल से यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। ऐन वक्त पर वहां से गुजर रहे एक युवक ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया और सुरक्षित नीचे उतार लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग को समझाकर शांत कराया और परिजनों को मौके पर बुलाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार शाम करीब पांच बजे बुजुर्ग पुल के फुटपाथ पर अपना मोबाइल फोन, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान रखकर रेलिंग पर चढ़ गए थे। वह नदी में छलांग लगाने ही वाले थे कि एक राहगीर ने उन्हें देख लिया। युवक तत्काल दौड़कर पहुंचा और उन्हें पकड़कर नीचे उतार लिया जिससे बड़ा हादसा टल गया। पूछताछ में बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि उनके दोनों बेटे और बहुएं उनके साथ मारपीट करते हैं। उनका कहना था कि लंबे समय से उन्हें ठीक से खाना तक नहीं दिया जा रहा जिससे तंग आकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठाने का निर्णय लिया। वहीं सूचना बाद मौके पर पहुंचे बेटों ने पिता के आरोपों को गलत बताया। उनका कहना था कि उनके पिता शराब का अधिक सेवन करते हैं और अक्सर इस तरह की हरकत कर परिवार को परेशानी में डाल देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस उनके घर और आसपास के लोगों से जानकारी करेगी तो आरोपों की सच्चाई सामने आ जाएगी। हालांकि कुछ समय बाद वृद्ध अपने बेटों के साथ घर वापस चले गए थे। रामबाग डिवीजन चौकी प्रभारी आदित्य वाजपेयी ने बताया कि घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिली थी। किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी गई है।