आगरालीक्स…आगरा में रविवार शाम से सोमवार तक लगेगी शिव परिक्रमा. रातभर गूंजेंगे भोले के जयकारे. शिव परिक्रमा मार्ग होगा रोशन, आगरा में लगेंगी 300 अस्थाई लाइटें…वनखंडी के 2 किमी लंबे कच्चे मार्ग पर जनरेटर से जलेंगी 100 अस्थाई लाइटें
सावन के दूसरे सोमवार को ताजनगरी में निकलने वाली ऐतिहासिक शिव परिक्रमा को लेकर नगर निगम प्रशासन ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की स्पष्ट मंशा है कि प्रदेश में होने वाले सभी धार्मिक आयोजन भव्य, सुरक्षित और सुगम हों। इसी के मद्देनजर परिक्रमा के दौरान शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए परिक्रमा मार्ग पर व्यापक प्रकाश व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए पूरे मार्ग पर करीब 300 अस्थाई लाइटें लगाई जा रही हैं, जिन्हें रविवार शाम तक हर हाल में चालू कर दिया जाएगा।
देर रात और तड़के सुबह परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को पर्याप्त रोशनी मिले, इसके लिए नगर निगम की टीमें लगातार काम कर रही हैं। प्रकाश व्यवस्था के साथ- साथ मार्ग पर सफाई, शीतल पेयजल, मोबाइल शौचालय, मजबूत बैरिकेडिंग और सड़कों के पैच वर्क आदि मूलभूत सुविधाओं की भी लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि लाखों शिवभक्तों को एक सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
शिव मंदिरों पर रहेगी विशेष प्रकाश व्यवस्था
मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) अजय कुमार राम ने बताया कि इस परिक्रमा में सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण व्यवस्था वनखंडी क्षेत्र में की जा रही है। यहां लगभग दो किलोमीटर लंबा कच्चा परिक्रमा मार्ग जंगल से होकर गुजरता है, जहां कोई विद्युत लाइन उपलब्ध नहीं है। इस कारण इस पूरे मार्ग पर बल्लियों के सहारे करीब 100 अस्थाई लाइटें लगाई जा रही हैं। इन्हें निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए 25- 25 केवीए क्षमता के दो जनरेटर लगाए जाएंगे। इसके अलावा बल्केश्वर महादेव मंदिर व पार्वती घाट क्षेत्र में 100 तथा रावली महादेव मंदिर परिसर के पास करीब 75 अस्थाई लाइटों की व्यवस्था की जा रही है।
सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए प्रशासन मुस्तैद
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में सावन की शहर में होने वाली शिव परिक्रमा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। परिक्रमा मार्ग के प्रत्येक संवेदनशील और अंधेरे वाले स्थान पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। अधिकारियों को रविवार शाम तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। परिक्रमा के दौरान पूरी रात टीमें मौके पर तैनात रहकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करेंगी।