आगरालीक्स…आगरा में गूंजने लगे बम बम भोले के जयकारे. शिव परिक्रमा में उमड़ने लगा परिक्रमार्थियों का हुजूम. रातभर लगेगी परिक्रमा…बल्केश्वर मेला भी हुआ शुरू
आगरा में बम बम भोले के जयकारें गूंजने लगे हैं. रातभर हर हर महादेव गूंजेंगा. आगरा की प्राचीनतम ऐतिहासिक शिव परिक्रमा शुरू हो गई है. इसी के साथ बल्केश्वर मेला भी शुरू हो गया हे. आगरा के चारों कोनों पर विराजमान भगवान शिव के मंदिरों बल्केश्वर, राजेश्वर, पृथ्वीनाथ और कैलाश के साथ शहर के मध्य में विराजमान श्री मनकामेश्वर, रावली महादेव और वनखंडी महादेव के मंदिरों की परिक्रमा परिक्रमार्थी लगाएंगे. रातभर यह परिक्रमा चलेगी और सोमवार को समाप्त होगी.


बल्केश्वर मेला भी हुआ शुरू
आज बल्केश्वर मेला समिति द्वारा सावन माह के द्वितीय सोमवार के पावन अवसर पर आयोजित भव्य मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल द्वारा फीता काटकर एवं भगवान भोलेनाथ के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर विधिवत किया गया. इस अवसर पर विधायक उत्तर विधानसभा पुरुषोत्तम खंडेलवाल, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग, मेला समिति अध्यक्ष महेश निषाद, मुरारीलाल गोयल, हरिओम गोयल, गिर्राज बंसल, नवीन गौतम, रोहित कत्याल एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे. श्रावण मास के पावन अवसर पर आयोजित इस मेले में श्रद्धालुओं ने श्री बल्केश्वर महादेव जी के दर्शन एवं पूजन कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की.