आगरालीक्स…अच्छी खबर, आगरा के पोइया घाट पर बनेगा पक्का पुल. व्यय वित्त समिति ने पुल की परियोजना पर लगाई मुहर. आगरा से खंदौली के बीच दूरी होगी कम…जल्द शुरू होगी प्रक्रिया
आगरावासियों के लिए अच्छी खबर है. दयालबाग के पोइया घाट पर पक्के पुल का निर्माण होगा. व्यय वित्त समिति ने पुल की परियोजना पर अपनी मुहर लगा दी है. इस घाट पर पक्का पुल बन जाने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी. उन्हें कई किलोमीटर का फेर बचेगा. आगरा से खंदौली जाना आसान होगा. लखनऊ में हुई व्यय वित्त समिति की बैठक में पोइया घाट पर पुल निर्माण के लिए मुहर लग गई है. शासनादेश जारी होते ही निर्माण संबंधी जरूरी प्रकियाएं भी शुरू हो जाएंगी.
90 करोड़ की लागत से बनेगा पुल
पोइया घाट पर पक्के पुल के निर्माण की लागत करीब 90 करोड़ रुपये होगी. सेतु निगम आगरा ने कुछ समय पहले ही पुल निर्माण के लिए परियोजना की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी थी. मंगलवार को लखनऊ में हुई व्यय वित्त समिति की बैठक में इसको मंजूरी मिल गई है. इसके लिए अब शासनादेश जारी होने का इंतजार है. सेतु निगम के अधिकारियों के अनुसार शासन से आदेश मिलते ही निर्माण संबंधी औपचारिकताएं और अन्य प्रक्रियाएं शुरू कर दी जाएंगी.
पैंटून पुल से गुजर रहे लोग
पोइया घाट पर इस समय पैंटून पुल बना हुआ है जिस पर से होकर लोग आगरा से खंदौली और खंदौली से आगरा आ जा रहे हैं. लोगों को अब खंदौली जाने के लिए रामबाग और टेढ़ी बगिया होकर नहीं जाना पड़ रहा है जिसके कारण लोगों को कई किलोमीटर का फेर बच रहा है. पैंटून पुल को बारिश के मौसम में चार महीने के लिए बंद कर दिया गया था लेकिन दिवाली के बाद इस पुल को दोबारा आवागमन के लिए शुरू कर दिया गया है.