आगरालीक्स….आगरा के रोजबड क्लब ने हर्षोल्लास से मनाया तीज उत्सव, 16 अगस्त को तीज और रक्षाबंधन के उपलक्ष्य मे प्रदर्शनी लगाई जाएगी…
रोजबड क्लब द्वारा 12 अगस्त को तीज उत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं पारंपरिक अंदाज में किया गया। कार्यक्रम में भगवान शिव एवं माता पार्वती के विवाह का सुंदर आयोजन किया गया। शिव विवाह के अवसर पर क्लब की सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शिव बारात में जमकर नृत्य किया और पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब की सभी सदस्यों का विशेष सहयोग एवं उत्साह रहा। इसी क्रम में रोजबड क्लब द्वारा 16 अगस्त, रविवार को पीएल पैलेस, संजय प्लेस, आगरा में भव्य फैशन एवं लाइफस्टाइल प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का उद्घाटन आगरा की मेयर श्रीमती हेमलता दिवाकर मुख्य अतिथि के रूप में करेंगी।
प्रदर्शनी में समाजसेवी कांता माहेश्वरी एवं श्रीमती लता गोयल, जिन्हें जनकपुरी में सुनेना माता सम्मान प्राप्त हुआ है, सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। प्रदर्शनी में 60 से अधिक स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जिनमें फैशन, परिधान, ज्वेलरी, एक्सेसरीज, लाइफस्टाइल एवं अन्य आकर्षक उत्पाद उपलब्ध होंगे। खास बात यह है कि यहां विभिन्न उत्पाद किफायती एवं आकर्षक दामों पर उपलब्ध कराए जाएंगे। क्लब की ओर से शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर खरीदारी करने एवं आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की गई है।
क्लब की प्रेसिडेंट शिल्पी गुप्ता, सेक्रेटरी अर्चना सिंघल एवं ट्रेजरर मिली अग्रवाल ने बताया कि रोजबड क्लब का उद्देश्य महिलाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं उद्यमिता को प्रदर्शित करने के साथ-साथ उसे आगे बढ़ाने के नए अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने बताया कि रोजबड क्लब का नया राउंड अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है, जिसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जो महिलाएं क्लब से जुड़ना चाहती हैं, वे अपना रजिस्ट्रेशन करा सकती हैं। क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि क्लब की सभी सदस्यों का निरंतर सहयोग एवं सहभागिता ही क्लब के आयोजनों को सफल और विशेष बनाती है।