आगरालीक्स ….Agra News: आगरा के डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर ग्रुप के चेयरमैन स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह ने कहा स्वतंत्रता हमें अधिकार देने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति एक बड़ा दायित्व भी सौंपती है। आज का युवा यदि शिक्षा, अनुशासन, स्वच्छता, सैन्य सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को अपना मूल मंत्र बना ले, तो भारत को पुनः विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता।
डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल को तिरंगे के रंगों से कलात्मक रूप से सजाया गया था, कार्यक्रम का शुभारंभ एनसीसी कैडेट्स, चारों सदनों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए अनुशासित और लयबद्ध मार्च पास्ट और विभिन्न विभिन्न राज्यों की परेड के साथ हुआ। डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह ने ध्वजारोहण किया। कहा कि कहा कि 15 अगस्त का यह पावन पर्व केवल अतीत के बलिदानों को नमन करने का दिन नहीं बल्कि भविष्य के सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन इस निष्ठा से करें कि आने वाली पीढ़ियां और संपूर्ण देश उनके योगदान पर गर्व महसूस करे। सांस्कृतिक मंच पर विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत दीप योगा, देशभक्ति पर आधारित नाटिका का मंचन और देशभक्ति गीतों की ऐसी संगीतमय प्रस्तुतियां दीं कि सभागार में मौजूद हर व्यक्ति देशप्रेम के भाव में बह गया। समारोह के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने सभी अतिथियों, गणमान्य नागरिकों और अभिभावकों के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे भीतर नई ऊर्जा और राष्ट्र सेवा की भावना का संचार करता है। डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अकादमिक निदेशक डॉ. विक्रांत शास्त्री, डायरेक्टर प्रशासनिक निदेशक डॉ. अनूप गोयल, समस्त डीन, विभागाध्यक्ष, कार्डीनेटर सहित समस्त शिक्षक- शिक्षिकाएं एवं प्रशासनिक स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन विद्यार्थियों द्वारा अत्यंत गरिमामय ढंग से किया गया।