मथुरालीक्स…मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रजत कमल में होगा कान्हा का महाभिषेक. अयोध्या—काशी से आएगा प्रसाद. 200 किग्रा चांदी से सजाया जाएगा गर्भगृह…अद्भुत दिखेगा दृश्य
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं. कान्हा के जन्मोत्सव के लिए काशी विश्वनाथ धम से प्रसाद और सुगंधित द्रव्य तथा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या धाम से उपहार और अभिषेक सामग्री लाई जाएगी. जन्मोत्सव पर ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार होगा. यह जानकारी श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा और सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने दी.
ये होगा खास
जन्मोत्सव पर ठाकुरजी पंचरत्नी पोशाक धारण कर कलहंस पुष्प बंगले में विराजेंगे
पोशाक में समुद्र मंथन से प्राप्त पांच रत्नों कामधेनु, पांचजन्य शंख, अमृत कलश, ऐरावत और कल्पवृक्ष को उकेरा गया है
रत्नजड़ित मुकुट, बांसुरी और नवरत्न जड़ित कंठा से ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार किया जाएगा.
भगवती योगमाया भी दिव्य स्वर्ण मुकुट धारण करेंगी.
जन्मभूमि के गर्भगृह को करीब 200 किलोग्राम चांदी से सजाया गया है
ये होगा आयोजन
चार सितंबर को सुबह 5:30 बजे मंगला आरती, सुबह 8 बजे पंचामृत अभिषेक और रात 10 बजे जन्म महाभिषेक होगा. रात 12 बजे भगवान के प्राकटय दर्शन और आरती के बाद कामधेनु स्वरूपा स्वर्ण मंडित रजत गाय से अभिषेक किया जाएगा. इसके बाद रजत कमल में ठाकुरजी का जन्म महाभिषेक होगा. श्रृंगार आरती रात 12 बजकर 45 मिनट से 12 बजकर 50 मिनट तक होगी. इसके बाद शयन आरती रात 1 बजकर 55 मिनट से दो बजे तक होगी. श्रद्धालुओं का प्रवेश रात 1 बजकर 30 मिनट तक रहेगा.