आगरालीकस…आगरा में संत रविदास जयंती को लेकर विद्यालयों-महाविद्यालयों में चलेगा जागरूकता अभियान. संत रविदास के समानता और सम्मान के संदेश को विद्यार्थियों तक पहुंचाएगी महासभा
संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती के अवसर पर प्रस्तावित आयोजनों को लेकर संत शिरोमणि गुरु रविदास महासभा द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को शहर के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता एवं संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए। महासभा पदाधिकारियों ने शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधन से संपर्क कर संत रविदास के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को विद्यार्थियों तक पहुंचाने का आह्वान किया। प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी एवं क्षेत्र कार्यवाह प्रमोद जी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और समानता पहुंचाने की प्रेरणा देता है। यदि इसी प्रेरणा के बीज विद्यार्थियों के मन में रोपे जाएं तो समाज की दशा और दिशा दोनों बदल सकती हैं।
महासभा के सचिव अभिनव मौर्य ने कहा कि नई पीढ़ी को संत रविदास के विचारों से जोड़कर सामाजिक समरसता, समानता और मानवता की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एसएन मेडिकल कॉलेज, आरबीएस कॉलेज, बैकुंठी देवी कॉलेज, डॉ. एमपीएस कॉलेज, मानसिक आरोग्यशाला, आगरा कॉलेज, सेंट्रल फुटवियर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट एवं बीडी जैन कॉलेज के प्रधानाचार्यों एवं संबंधित पदाधिकारियों से संपर्क किया गया। महासभा की ओर से सभी शिक्षण संस्थानों में समय-समय पर संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में संगोष्ठी, विचार गोष्ठी, भाषण प्रतियोगिता एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने का आह्वान किया गया।
उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में 13 सितम्बर को गढ़ी भदौरिया स्थित संत शिरोमणि रविदास जी के मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ, हवन और धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा इसके अलावा 2, 3 और 4 अक्टूबर को बीएसएनएल ग्राउंड में समरसता महोत्सव का आयोजन होगा। महासभा पदाधिकारियों ने कहा कि संत रविदास का संदेश किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि वह संपूर्ण समाज को समानता, भाईचारे और मानवता की राह दिखाता है। विद्यार्थियों और युवाओं को उनके विचारों से जोड़कर सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी विजय सामा, सह सचिव डॉ. निष्ठा शर्मा, प्राचार्य एसएन मेडिकल कॉलेज डॉ. प्रशांत गुप्ता, प्राचार्य आरबीएस कॉलेज बसंत बहादुर, प्राचार्य बैकुंठी देवी कॉलेज डॉ. पूनम सिंह, निदेशक डॉ एमपीएस कॉलेज डॉ. एके सिंह, निदेशक मानसिक आरोग्यशाला डॉ. दिनेश राठौर, प्राचार्य आगरा कॉलेज डॉ. सीके गौतम, प्रधानाचार्य सेंट्रल फुटवियर ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट ईश्वर सिंह, प्राचार्य बीडी जैन कॉलेज डॉ. वंदना अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।