आगरालीक्स…आगरा के माही इंटरनेशनल स्कूल में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया गणेश चतुर्थी महोत्सव..‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंजा विद्यालय परिसर
माही इंटरनेशनल स्कूल में गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ विद्यालय के मातारानी मंदिर में विधि-विधान के साथ गणपति स्थापना से हुआ। विद्यालय के चेयरमैन श्री संजय अग्रवाल ने गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित की। विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने सामूहिक रूप से आरती और प्रार्थना कर विद्यालय परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि, सफलता और कल्याण के लिए भगवान श्रीगणेश का आशीर्वाद मांगा। पूजा-अर्चना के पश्चात सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को प्रसाद वितरित किया गया। ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से विद्यालय परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता से भर गया।

इसके उपरांत कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों ने गणेश चतुर्थी पर विशेष प्रातःकालीन सभा प्रस्तुत कर भगवान श्रीगणेश के प्रति अपनी भक्ति और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान व्यक्त किया। सभा का आरंभ भगवान श्रीगणेश की प्रार्थना से हुआ। विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेजी में भाषण देकर गणेश चतुर्थी के महत्व, धार्मिक मान्यताओं तथा इस पर्व को मनाने के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भगवान श्रीगणेश का भावपूर्ण भजन विशेष आकर्षण रहा, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भगवान श्रीगणेश की दिव्य जन्मकथा पर आधारित प्रभावशाली नृत्य-नाटिका भी प्रस्तुत की। सुंदर अभिनय, भावपूर्ण नृत्य और आकर्षक प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने भगवान गणेश के जन्म एवं उनसे जुड़ी पौराणिक कथा को जीवंत कर दिया।
विद्यालय के चेयरमैन श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने के साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता, एकता और संस्कारों का विकास करते हैं। पूरे आयोजन ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीगणेश के जीवन से बुद्धि, विनम्रता, कर्तव्यनिष्ठा और बाधाओं का साहसपूर्वक सामना करने की प्रेरणा दी।