आगरालीक्स…आगरा में यमुना नदी के हाथी घाट पर की गई साफ सफाई. रेलवे ने गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद एकत्रित कचरे को हटाया..
आगरा मंडल में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जागरूकता एवं स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। यह अभियान 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” थीम के साथ संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज शनिवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद रेलवे भूमि एवं आसपास के क्षेत्र में सफाई, पुष्प एवं जैविक कचरे के निस्तारण पर जोर दिया गया. इसी क्रम में आगरा फोर्ट क्षेत्र स्थित यमुना नदी के हाथी घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया. सहायक मंडल पर्यावरण एवं रख रखाव अधिकारी पंकज कुमार के निर्देशन में आगरा फोर्ट के कर्मचारियों द्वारा हाथी घाट एवं उसके आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की गई तथा विसर्जन के बाद एकत्रित कचरे को हटाकर जल क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया.
अभियान के दौरान जलस्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ पुष्प एवं अन्य जैविक कचरे के उचित निस्तारण एवं कंपोस्टिंग को भी प्रोत्साहित किया गया. कर्मचारियों ने लोगों को जलस्रोतों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित पृथक्करण करने तथा जैविक अपशिष्ट का पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारण करने के प्रति जागरूक किया.
इसके साथ ही स्वच्छता को जनभागीदारी एवं स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से आगरा मंडल में 25 एवं 26 सितंबर 2026 को ‘स्पोर्ट्स फॉर स्वच्छता’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है. इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है.