Monday , 23 November 2026
Home टॉप न्यूज़ Janak Puri Agra 2026: A divine Janak Mahal is being decked up in Agra to welcome Ram and Seeta…#agranews
टॉप न्यूज़

Janak Puri Agra 2026: A divine Janak Mahal is being decked up in Agra to welcome Ram and Seeta…#agranews

316

आगरालीक्स…आगरा में राम-जानकी के स्वागत को सज रहा दिव्य जनक महल…जनकपुरी में इस बार दिखेगी अलग भव्यता. 60 फीट ऊंचाई से होंगे दर्शन. नीचे दो हजार श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था, 600 लोगों की अलग वीआईपी गैलरी

भवना एस्टेट रोड पर इस बार जनकपुरी महोत्सव का जनक महल केवल भव्यता का प्रतीक ही नहीं, बल्कि भक्ति, दिव्यता और स्थापत्य कला का ऐसा अद्भुत संगम बनने जा रहा है, जो लंबे समय तक श्रद्धालुओं की स्मृतियों में दर्ज रहेगा। श्रीराम-जानकी और चारों भाइयों की अगवानी के लिए तैयार हो रहा जनक महल नेपाल शैली में आकार ले रहा है। विशेष बात यह है कि पूरे निर्माण में प्राकृतिक सामग्री के रूप में लोहा, लकड़ी और कपड़े का प्रयोग किया जा रहा है। प्लास्टिक का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने बताया कि कावेरी कौस्तुंभ अपार्टमेंट के निकट विशाल परिसर में बन रहे जनक महल को कोलकाता से आए कारीगर आकार दे रहे हैं। इस बार जनक मंच करीब 300 बाई 150 फीट का बनाया जा रहा है। इसके निर्माण में 62 मजदूर दिन-रात जुटे हुए हैं, ताकि प्रभु श्रीराम, माता जानकी और तीनों भाइयों की अगवानी उनके भक्तों के बीच भव्यता के साथ हो सके।

बिना पिलर का होगा मुख्य मंच, 60 फीट ऊंचाई से होंगे दर्शन
भक्त और भगवान के बीच किसी प्रकार का व्यवधान न आए, इसके लिए मुख्य मंच को इस बार विशेष तकनीक से तैयार किया जा रहा है। जनक महल को कैंटिलीवर की तर्ज पर बिना पिलर बनाया जा रहा है। मंच के बीच में कोई खंभा नहीं होगा, जिससे दूर बैठे श्रद्धालुओं को भी प्रभु के दर्शन में किसी तरह की बाधा न आए। मुख्य मंच की ऊंचाई करीब 60 फीट होगी। मंच पर फोकस लाइट की विशेष व्यवस्था रहेगी, जिससे दूर से भी मंच और उस पर विराजमान स्वरूप स्पष्ट दिखाई देंगे। जनक महल को आकार देने में करीब 6000 बल्लियों और 3000 आयरन ट्रस का प्रयोग किया जा रहा है।लकड़ी, कपड़े और रोड आयरन के माध्यम से महल की संरचना तैयार की जा रही है।

नेपाल शैली में झरोखे और बालकनी, जोधपुर की झलक
जनक महल की वास्तुशैली को इस बार विशेष रूप दिया जा रहा है। महल को नेपाल के स्वरूप में आकार दिया जा रहा है, जबकि इसके झरोखों और बालकनी में राजस्थान के जोधपुर की शैली की झलक देखने को मिलेगी। बंगाल से आए कारीगर महल की बारीक सजावट और नक्काशी को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
जनक महल की सजावट में विशेष प्रकाश व्यवस्था आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके लिए बंगाल से विशेष लाइटिंग मंगाई गई है। आयोजन समिति के अनुसार, रात के समय यह रोशनी जनक महल को इस तरह प्रकाशित करेगी कि श्रद्धालुओं को सूर्य के प्रकाश जैसा आभास होगा।

तीन मंचों पर होंगे अलग-अलग आयोजन
जनक महल परिसर में इस बार तीन अलग-अलग मंच तैयार किए जा रहे हैं। मुख्य मंच पर भगवान के स्वरूप विराजमान होंगे। दूसरे मंच का उपयोग सम्मान समारोह के लिए किया जाएगा, जबकि तीसरे और अंतिम मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी।
इसके अलावा नील फ्लोरेंस के पास प्रतिदिन होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक अलग मंच भी बनाया जा रहा है। इस तरह जनकपुरी महोत्सव के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी भव्य संयोजन देखने को मिलेगा।

मंच पर राम-जानकी के साथ दिखेंगे राजा दशरथ और राजा जनक
राजू यादव ने बताया कि मुख्य मंच पर चारों भाइयों के स्वरूप, माता जानकी के स्वरूप और ऋषि-मुनियों के अलावा राजा दशरथ और राजा जनक अपनी रानियों के साथ दर्शन देंगे। श्रद्धालुओं को एक ही मंच पर रामायण के प्रमुख पात्रों के दिव्य स्वरूपों के दर्शन होंगे। 6 अक्टूबर को माता सीता का डोला नगर भ्रमण करेगा। इसके बाद 7, 8 और 9 अक्टूबर को जनक महल से स्वरूप लाखों भक्तों को अपने दिव्य दर्शन देंगे।

नीचे दो हजार श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था, 600 लोगों की अलग वीआईपी गैलरी
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जनक महल परिसर में नीचे करीब 2000 लोगों के दर्शन की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही वीआईपी गैलरी भी अलग से बनाई जा रही है, जिसमें करीब 600 लोगों के सोफे पर बैठने की व्यवस्था रहेगी। प्रशासनिक अधिकारियों, मजिस्ट्रेट, मंत्री, मीडिया, श्री रामलीला कमेटी और जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के लोगों के लिए 7 अलग-अलग ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। जिन लोगों के पास जनक महल के पास होंगे, उनके बैठने की व्यवस्था इन्हीं ब्लॉकों में की जाएगी।
परिसर में प्रवेश के लिए बैरिकेडिंग के माध्यम से व्यवस्था रहेगी, जबकि बाबा नीब करौली मंदिर के पास से निकासी की व्यवस्था की जा रही है।

बारिश से भी सुरक्षित रहेगा परिसर
पूरे जनक महल परिसर को प्लाई के प्लेटफॉर्म के ऊपर तैयार किया जा रहा है। यह प्लेटफॉर्म जमीन से करीब एक फुट ऊंचा होगा। इससे बारिश के दौरान जलभराव या कीचड़ जैसी समस्या से श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा गया है।

40 से अधिक एलईडी स्क्रीन पर भी होंगे दर्शन
श्रद्धालुओं को चलते-फिरते भी प्रभु के दर्शन और मंचीय कार्यक्रमों का आनंद मिल सके, इसके लिए 40 से अधिक एलईडी स्क्रीन लगाने की तैयारी है। भवना एस्टेट रोड पर यथार्थ हॉस्पिटल से राम रघु आनंद तक के क्षेत्र को नो होर्डिंग जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में किसी प्रकार के प्रचार-प्रसार वाले होर्डिंग नहीं लगाए जाएंगे।

बंगाल के कारीगर दे रहे अंतिम रूप
जनक महल की सजावट और बारीक कारीगरी को अंतिम रूप देने में बंगाल से आए कारीगर जुटे हैं। कारीगर जेके राय ने बताया कि जनक महल की संरचना को विशेष शैली में तैयार किया जा रहा है। नक्काशी, झरोखे, बालकनी और प्रकाश व्यवस्था के साथ महल को ऐसा स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे दिन के साथ रात में भी इसकी भव्यता अलग दिखाई दे।

प्रतिदिन आयोजन समिति कर रही निरीक्षण
जनक महल को आकर प्रदान करने की पूरी प्रक्रिया का जनक महल आयोजन समिति के पदाधिकारी प्रतिदिन निरीक्षण कर रहे हैं। शनिवार को आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने निरीक्षण किया और आवश्यक विचार विमर्श के लिए बैठक भी की। आयोजन समिति का कहना है कि इस बार जनकपुरी का जनक महल केवल एक मंच नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति, कला और भारतीय स्थापत्य परंपरा का भव्य संगम बनेगा। बिना पिलर का विशाल मंच, नेपाल शैली का महल, जोधपुरी शैली के झरोखे, विशेष प्रकाश व्यवस्था और लाखों श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था इसे इस वर्ष के जनकपुरी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण बनाएगी। इस अवसर पर ठा. नरेंद्र सेंगर, संतोष कटारा, संजय गोयल, मनोज बंसल, मनोज जादौन, हितेश लवानियां, आकाश ग्वाला, राणा सुशील सिंह, वेदप्रकाश गोस्वामी पार्षद, रामचंद्र सिंह राणा, धीरज शर्मा, धीरज मंगल, सतीश ठाकुर, सूरज शर्मा, गणेश बंसल, राजा सिंह चौहान अरुण गुप्त, नरेंद्र शर्मा, डॉ. गजेंद्र सिंह तोमर, निमित्त पोरवाल, कपिल पोरवाल, राजकुमार खत्री के अलावा महिला मंडल से अमृता पोरवाल, शुचि खंडेलवाल, दीप्ति अग्रवाल, शालिनी पोरवाल, मिशी यादव, रितु अग्रवाल, रीना सिंह, अनीशा शर्मा, दीपिका पोरवाल, निधि मंगल, एकता बंसल आदि उपस्थित रहीं।

Written by
Agraleaks Team

AgraLeaks is a prominent digital news platform dedicated to delivering timely and reliable news from Agra and the surrounding regions. Established over a decade ago, AgraLeaks has become a trusted source of local journalism, covering a wide range of topics including city news, politics, education, business, sports, health, and cultural events. Its mission is to keep citizens informed and connected with developments that directly impact their community. With a strong focus on hyperlocal reporting, AgraLeaks provides real-time updates on important incidents, civic issues, public events, and government initiatives. Over the years, it has built a reputation for fast reporting and comprehensive coverage, making it one of the most recognized local news portals in Agra. The platform also features regional, national, and international news to offer readers a broader perspective beyond the city. Driven by the principle “Apki Khabar Hamari Nazar” (Your News, Our Watch), AgraLeaks continues to serve as a vital voice of the city, empowering readers with accurate information and strengthening the local media ecosystem through digital journalism.

Related Articles

टॉप न्यूज़

Agra News: Police caught five bike thieves; six stolen bikes were recovered…#agranews

आगरालीक्स…आगरा में पलक झपकते ही लॉक तोड़कर करते थे बाइक चोरी. पुलिस...

टॉप न्यूज़

Agra News: Civil Defence Air Red / Blackout Mock Exercise-2026 held at Police Lines, Agra…#agranews

आगरालीक्स…वीडियो देखें, आगरा के पुलिस लाइन में शाम 6 बजे हवाई हमले...

टॉप न्यूज़

Agra News: Festival of Khist Raj (Christ the King) celebrated at Nishkalank Mata Mahagirijaghar in Agra…#agranews

आगरालीक्स…आगरा के निष्कलंक माता ​महागिरिजाघर में मनाया खीस्त राज (क्राइस्ट द किंग)...

टॉप न्यूज़

Agra News: Congress rally in Agra; party takes aim at BJP over assembly elections…#agranews

आगरालीक्स…आगरा में कांग्रेस ने भरी यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर हूंकार. कांग्रेस...

error: Content is protected !!