हाथरसलीक्स…सादाबाद में रिटायर्ड फौजी और उनकी पत्नी के मर्डर का सनसनीखेज खुलासा. दूसरी पत्नी निकली कातिल. आगरा के रहने वाले प्रेमी के साथ किया था दोनों का बेरहमी से कत्ल…पढ़ें चौंकाने वाला खुलासा
हाथरस के सादाबाद में रिटायर्ड फौजी और उनकी पहली पत्नी के मर्डर का सनसनीखेज खुलासा पुलिस ने किया है. पुलिस ने हत्या में शामिल रिटायर्ड फौजी की दूसरी पत्नी और उसके प्रेमी सहित तीन को अरेस्ट किया है. दूसरी पत्नी ने ही प्रेमी व अन्य के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस अभी दो आरोपियों की और तलाश कर रही है जो कि फरार हैं.
खून से लथपथ मिले थे दोनों के शव
मृतक समसुद्दीन सेना से रिटायर्ड थे और बाइपास पर ही फैब्रिकेशन का काम करते थे. दुकान के ऊपर ही इनका घर है, जहां वह अपनी पहली पत्नी समीना उर्फ सद्दो के साथ रहते थे. समीना से उनकी कोई संतान नहीं थी. उन्होंने दूसरी शादी भी 14 साल पहले सीमा नाम की महिला से की है. जिससे उनके तीन बच्चे भी हैं. दूसरी पत्नी भी घर के पास ही बच्चों के साथ रहती थी. 27 सितंबर को सुबह साढ़े 8 बजे तक समसुद्दीन नीचे नहीं आए तो उनका एक परिचित युवक उन्हें देखने ऊपर कमरे में गया. सीढ़ियों का दरवाजा खुला था और जैसे ही युवक कमरे में दाखिल हुआ, उसने समसुद्दीन और समीना के शव खून से लथपथ पड़े देखे. यह देखते ही उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत नीचे आकर पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड ने मौके से साक्ष्य जुटाए. पुलिस इस दोहरे हत्याकांड की गहनता से जांच कर रही थी.
अवैध संबंधों और संपत्ति के लिए रची साजिश
पुलिस ने बुधवार को इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या के पीछे अवैध संबंधों और संपत्ति को हासिल करना था. पुलिस को पहले दिन से ही शक था कि इस वारदात में रिटायर फौजी की दूसरी पत्नी सीमा का हाथ हो सकता है. करीब 350 सीसीटीवी चेक किए और फिर आज बुधवार को पुलिस ने इसका सनसनीखेज खुलासा किया. पुलिस ने बताया कि दूसरी पत्नी सीमा का पिछले कई साल से गौरव निवासी चौपाल गली थाना सिकंदरा आगरा के साथ प्रेम संबंध चल रहा था. सीमा और गौरव ने ही पूरी प्रोपर्टी हासिल करने के लिए रिटायर्ड फौजी और उसकी पहली पत्नी को रास्ते से हटाने की प्लानिंग बनाई.
20 लाख की सुपारी देने का किया था वादा
पुलिस के अनुसार दोनों ने अपनी प्लानिंग में संजय निवासी चर्च रोड सिकंदरा, चीनी प्यारे उर्फ रामप्रकाश निवासी नगला दयाराम जलेसर एटा, उदयवीर उर्फ नत्थो निवासी नगला सोहनलाल सिकंदरा आगरा को शामिल कर लिया.गौरव और सीमा ने रिटायर्ड फौजी और उसकी पहली पत्नी की हत्या के बाद इन तीनों को 20 लाख रुपये देने का वादा किया था. इसी के तहत इन पांचों ने इस पूरी घटना को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार घटना की रात चारों सीमा के पास पहुंचे सीमा ने पहले से बनी योजना के अनुसार दूसरे मकान में रह रहे अपने पति शमसुद्दीन के घर के जीने का दरवाजा खुलवाया. इसके पीछे चारों आरोपी भी पहली मंजिल पर पहुंच गए.
बेरहमी से की हत्या
पुलिस के अनुसार सभी ने शमसुद्दीन को पकड़कर उन पर छुरे और नुकीले सुए से वार किए. इसी दौरान कमरे से बाहर आई उनकी पहली पत्नी को भी पकड़ लिया. इसके बाद दोनों की बेरहमी से हत्या कर दी. अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि दोनों की हत्या के बाद घ्ज्ञर की अलमारी एवं बक्सों को खंगाल कर आभूषण, नकदी और अन्य सामान लूट ले गए और वहां से भाग गए. पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए दूसरी पतनी सीमा के अलावा दो आरोपी संजय और चीनी प्यारे को अरेस्ट कर लिया है. गौरव और उउदयवीर फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है.