आगरालीक्स…आगरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गया राम लग्न और राम बारात का निमंत्रण. राजा दशरथ और रानी कौशल्या के स्वरूप संजय सिंघल व नीता सिंघल ने दिया न्यौता
उत्तर भारत की ऐतिहासिक श्री रामलीला के अंतर्गत होने वाले श्रीराम लग्न उत्सव और राम बारात को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में लखनऊ स्थित लोकभवन में आगरा की ऐतिहासिक रामलीला में राजा दशरथ के स्वरूप बने संजय सिंघल सादाबाद वाले एवं रानी कौशल्या के स्वरूप में नीता सिंघल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की और उन्हें 5 अक्टूबर को होने वाले श्रीराम लग्न उत्सव तथा 6 अक्टूबर को निकलने वाली भव्य राम बारात में शामिल होने का सादर निमंत्रण दिया। इस अवसर पर मंत्री धर्मवीर प्रजापति एवं रजत सिंघल भी मौजूद रहे।
राजा दशरथ और रानी कौशल्या के स्वरूप में मुख्यमंत्री से भेंट को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आगरा की ऐतिहासिक रामलीला में राजा दशरथ और रानी कौशल्या का स्वरूप धारण करना अपने आप में सौभाग्य और गौरव की बात है। उन्होंने रामलीला आयोजन की सफलता की कामना करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक आयोजन को और अधिक भव्य एवं प्रभावशाली ढंग से आयोजित किया जाए। मुख्यमंत्री ने 5 अक्टूबर को श्रीराम के लग्न उत्सव और 6 अक्टूबर को होने वाली राम बारात के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसमें शामिल होने के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की लीला भारतीय संस्कृति, आस्था और संस्कारों की जीवंत अभिव्यक्ति है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में मर्यादा, संस्कार और सद्भाव का संदेश पहुंचता है तथा नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित होने का अवसर मिलता है। मुख्यमंत्री से भेंट के बाद संजय सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता और गौरव की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि राजा दशरथ का स्वरूप निभाना उनके लिए केवल रामलीला का पात्र निभाना नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम की सेवा का सौभाग्य है। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए शुभाशीष से रामलीला परिवार में नया उत्साह आया है।
उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर को श्रीराम का लग्न उत्सव श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में वाटरवर्क्स स्थित अग्रवन में आयोजित होगा, जबकि 6 अक्टूबर को ऐतिहासिक राम बारात निकाली जाएगी। श्री राम लग्न उत्सव में विश्व हिंदू परिषद केकेंद्रीय संरक्षक दिनेश चंद्र (बड़े दिनेश जी) ने उपस्थित रहने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।
राम बारात में विभिन्न झांकियां, बैंड-बाजे और धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए रामलीला समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। संजय सिंघल ने कहा कि आगरा की रामलीला केवल मंचन नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही आस्था, परंपरा और संस्कृति का उत्सव है। इस वर्ष भी रामलीला के प्रमुख आयोजनों में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में सहभागिता होगी।