फिरोजाबादलीक्स...फिरोजाबाद में गोदाम के अंदर मिला पटाखों का जखीरा. गली मोहल्ले में था गोदाम. छापेमारी में दो टन से ज्यादा पटाखे मिले. जांच में जुटी पुलिस
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में पुलिस को गोदाम के अंदर पटाखों का जखीरा मिला है. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने शुक्रवार शाम करीब पांच बजे धोबी वाली गली मोहल्ले में बने एक गोदाम में छापा मारा. टीम को यहां दो टन से अधिक पटाखे मिले हैं. गली मोहल्ले में संचालित इस गोदाम में इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे मिलने से हड़कंप मच गया. पुलिस ने पटाखों को सुरक्षित तरीके से फायर ब्रिगेड कार्यालय पहुंचाया है.
एसओजी प्रभारी प्रेम शंकर पांडे ने बताया कि सूचना पर यहां छापा मारा गया. थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई. इसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गोदाम में जांच की. शिवम मल्होत्रा नाम के व्यक्ति का यह गोदाम है जहां भारी मात्रा में पटाखे रखे मिले. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बरामद पटाखों का वजन करीब दो टन से अधिक है. इन्हें इकट्ठा कर सुरक्षित तरीके से फायर ब्रिगेड कार्यालय पहुंचाया गया है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि गोदाम में इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे किस उद्देश्य से रखे गए थे. साथ ही इसके भंडारण के लिए जरूरी अनुमति और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है.