यूपीलीक्स…यूपी में चुनाव से पहले कांग्रेस की अध्यक्ष बनीं आराधना मिश्रा ‘मोना’. दो दिन पहले आगरा आए अजय राय को पद से किया मुक्त. इमरान मसूद, देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को भी दी गई ये जिम्मेदारी
यूपी में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपना बड़ा दांव चला है. कांग्रेस पार्टी ने यूपी में अपने संगठन में एक बड़ा और रणनीतिक फेरबदल किया है. कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार पार्टी हाईकमान ने वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को उनके पद से मुक्त कर दिया है और उनकी सराहना की है. उनकी जगह प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से विधायक व वरिष्ठ नेत्री आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष बनाया गया है.

कांग्रेस के इस कदम को बेहद सोची समझी राजनीतिक रणनीति माना जा रहा है. पार्टी इसके जरिए एक साथ महिला और ब्राह्मण मतदाताओं को साधने की पुरजोर कोशिश कर रही है. आराधना मिश्रा कांग्रेस के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी हैं और विधानसभा में पार्टी की एक बेहद मुख और मजबूत आवाज मानी जाती रही हैं.
इनको भी दी गई जिम्मेदारी
वरिष्ठ नेता इमरान मसूद को उत्तर प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पार्टी ने चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नया नेता नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है.