आगरालीक्स…आगरा में बड़ा हादसा..तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मारकर पिकअप मैक्स को तीन किमी. तक घसीटा. एंबुलेंस और सवारियों से भरे आटो में भी मारी टक्कर.
आगरा के फतेहाबाद में शुक्रवार शाम को बड़ा हादसा हुआ हे. तेज रफ्तार ट्रेलर चालक ने फिरोजाबाद चौराहे पर खड़ी एक दूध से भरी मैक्स को टक्कर मारी. टक्कर लगने के बाद पिकअप ट्रेलर में फंस गई और चालक इसे करीब तीन किलोमीटर तक घसीटता चला गया. इस दौरान ट्रेलर चालक ने एचएस हॉस्पिटल केसामने खड़ी एंबुलेंस और फिर सवारियों से भरे आटो में भी टक्कर मार दी जिससे आटो सड़क किनारे पलट गया. हादसे में आटो चालक सहित तीन लोग घायल हुए हैं.
पुलिस के अनुसार खरगपुरा में रहने वाले जितेंद्र की दूध की पिकअप मैक्स शुक्रवार शाम को करीब सात बजे फतेहाबाद फिरोजाबाद रोड स्थित फिरोजाबाद चौराहे पर खड़ी थी. तभी पीछे से आए तेज रफ्तार एक ट्रैलर ने उसमें टक्कर मार दी जिससे पिकअप उसमें फंस गई. लेकिन ट्रेलर चालक उसे घसीटता हुआ आगे ले गया. एचएस हॉस्पिटल के सामने ट्रेलर ने खड़ी एंबुलेंस में टक्कर मार दी जिससे वो क्षतिग्रस्त हो गई. यही नहीं इसके बाद फिरोजाबाद जा रहे एक आटो को भी चपेट में लेकर टक्कर मार दी जिससे आटो सड़क किनारे खाई में पलट गया. हादसे में आटो चालक रामलक्षिन पुत्र गीतम सिंह निवासी छारबाग, एहसान पुत्र सम्मू और साहिल पुत्र एजाज घायल हो गए.
हादसे के बाद कई लोगों ने ट्रेलर का वाहनों से पीछा किया और चालक को रोकने का प्रयास किया लेकिन वो नहीं रुका. करीब तीन किलोमीटर दूध नगला लोहिया के पास टोल प्लाजा के 27 नंबर कट पर पिकअप डिवाइडर से टकराकर फंस गई. इसके बाद ट्रेलर चालक टोल प्लाजा का बूम तोड़कर एक्सप्रेस वे पर चढ़ गया और लखनऊ की ओर भाग गया. पुलिस को उसका नंबर मिल गया है और उसकी तलाश की जा रही है.