आगरालीक्स…आगरा में फुटवियर निर्माता, सप्लायर और बाइंग एजेंट्स का एक मंच बना ‘मीट एट आगरा’. फुटवियर इंडस्ट्री के लिए यह कितना लाभकारी, जानिए इसे किस नजर से देखते हैं कारोबारी…किसने क्या कहा
तकनीक, कारोबार और नए व्यावसायिक रिश्तों के संगम के साथ 18वें ‘मीट एट आगरा’ का दूसरा दिन फुटवियर उद्योग के लिए नई संभावनाओं से भरा रहा। आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में आयोजित फेयर में रविवार को 8,126 विजिटर्स ने सहभागिता की, जिनमें 3,749 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स और 576 भावी उद्यमी शामिल रहे। दिनभर विभिन्न स्टॉल्स पर नई मशीनरी, फुटवियर कंपोनेंट्स और मटेरियल्स को समझने के साथ बिजनेस इंक्वायरी और कारोबारी संवाद का सिलसिला चलता रहा। फेयर के दूसरे दिन का प्रमुख आकर्षण बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम रहा। इसमें फुटवियर उद्योग की बदलती जरूरतों, उत्पाद की गुणवत्ता, डिजाइन, सोर्सिंग, समयबद्ध आपूर्ति और बाजार की अपेक्षाओं को लेकर चर्चा हुई। निर्माताओं और बाइंग एजेंट्स के बीच सीधे संवाद ने बाजार की मांग को समझने और उसके अनुरूप उत्पादन को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
जानिए क्या कहते हैं कारोबारी
मीट एट आगरा’ नई तकनीक को उद्योग की वास्तविक जरूरतों और कारोबार से जोड़ने का मंच है। बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच सीधा संवाद निर्माताओं को बाजार की अपेक्षाओं के अनुरूप आगे बढ़ने में मदद करेगा।
गोपाल गुप्ता, अध्यक्ष, एफमेक
भारतीय फुटवियर उद्योग को वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए तकनीक, गुणवत्ता और डिजाइन पर ध्यान देना जरूरी है। ‘मीट एट आगरा’ में निर्माता, सप्लायर और बाइंग एजेंट्स का एक मंच पर आना उत्पादन और निर्यात के विस्तार की नई संभावनाएँ खोलता है।
पूरन डावर, कन्वीनर, एफमेक
बाइंग एजेंट्स के साथ संवाद से निर्माताओं को गुणवत्ता, सोर्सिंग और समयबद्ध आपूर्ति से जुड़ी अपेक्षाएँ समझने का अवसर मिला। यह समन्वय नए कारोबारी रिश्तों को मजबूत करने और बाजार में भारतीय फुटवियर की मांग बढ़ाने में सहायक होगा।
-राजीव वासन, उपाध्यक्ष, एफमेक
आधुनिक मशीनरी, नए मटेरियल्स और फुटवियर कंपोनेंट्स में उद्यमियों की रुचि उद्योग में बदलाव की सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत करती है। चाइना पवेलियन ने भी सोर्सिंग और तकनीकी सहयोग के नए विकल्प तलाशने का अवसर दिया है।
-राजेश सहगल, उपाध्यक्ष, एफमेक
दूसरे दिन 8,126 विजिटर्स की सहभागिता और स्टॉल्स पर हुए कारोबारी संवाद ने आयोजन को नई ऊर्जा दी है। बिजनेस विजिटर्स और भावी उद्यमियों का उत्साह फुटवियर उद्योग की संभावनाओं के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
माला खेड़ा, चेयरपर्सन, ऑर्गनाइजिंग कमेटी
मीट एट आगरा’ ने वर्षों से फुटवियर उद्योग को नए बाजारों और तकनीक से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रोजगार सृजन, मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात में योगदान देने वाले फैक्ट्री ओनर्स का सम्मान उद्योग को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
–कैप्टन एएस राणा, पूर्व अध्यक्ष, एफमेक