आगरालीक्स… आगरा के डॉक्टरों की चिंता, बच्चों के मोबाइल और लैपटॉप देखने का औसत स्क्रीन टाइम 5 घंटे, एक साल का बच्चा भी मोबाइल पर देख रहा रील और वीडियो।
आगरा के एक होटल में इंडियन एकेडमी ऑफ़ पीडियाट्रिक्स (आईएपी), आगरा द्वारा किशोर स्वास्थ्य शिक्षा और रोग रोकथाम पर कार्यशाला आयोजित की गई। डॉ. पियाली भट्टाचार्य अध्यक्ष, एडोलसेंट हेल्थ एकेडमी, लखनऊ ने बच्चों के घंटों मोबाइल और लैपटॉप देखने पर चिंता व्यक्त की। डॉक्टरों ने बच्चों में मोबाइल की लत लगने से उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहे असर, पौषण संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा की। कहा कि दो साल से छोटे बच्चों को मोबाइल नहीं दिया जाना चाहिए।
मम्मी पापा बंद करें मोबाइल देखना, तभी बच्चों की छूटेगी लत
कार्यशाला में मोबाइल की लत कैसे छूटे इस पर भी चर्चा की गई। सुझाव दिया गया कि पहले मम्मी पापा मोबाइल देखना बंद करें, इसके बाद ही बच्चे मोबाइल से दूरी बना सकते हैं। बच्चों को मोबाइल केवल पढ़ने के लिए ही दें। सेंट्रल आईएपी डॉ. आरएन शर्मा, यूपीएपीआई अध्यक्ष डॉ. आरएन द्विवेदी, आईएपी अध्यक्ष डॉ. संजीव अग्रवाल और सचिव डॉ. राहुल पेंगोरिया, डॉ. सोनिया भट्ट, डॉ. स्वाति द्विवेदी आदि मौजूद रहे।