आगरालीक्स:…आगरा के आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी कैंपस में मोबाइल पर रील देखने से हुए विवाद में छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट, दो के सिर फूटे। विश्वविद्यालय प्रशासन जांच में जुटा।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के खंदारी परिसर में दाऊ दयाल वॉकेशन संस्थान हैं। सोमवार सुबह 10 बजे बीएससी वॉकेशनल की कक्षा में छात्रों के तेज आवाज में मोबाइल पर रील देखने पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट होने लगी। एक छात्र ने अपने भाई को बुला लिया वह एक अन्य कॉलेज में बीए की पढ़ाई कर रहा है वह अपने साथ छात्रों को लेकर आ गया।
दो छात्रों के सिर में चोट
विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर के गेट से कैंटीन तक छात्रों के दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई। इसमें दो छात्रों के सिर फूट गए, सिर से खून निकलने पर छात्र भाग गए। पुलिस ने घायल छात्रों को थाना न्यू आगरा भेज दिया। जबकि विवि का प्रोक्टोरियल बोर्ड जांच करने में जुट गया। अभी तक दोनों गुटों में से किसी ने भी थाने पर तहरीर नहीं दी है। विवि प्रशासन ने छात्र चिन्हित कर लिए हैं। चीफ प्रोक्टर प्रो. मनु प्रताप का कहना है कि संस्थान के निदेशक से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है।