आगरालीक्स…आगरा में आज निकलेगी रामबारात. सात किलो के रजत मुकुट में दमकेंगे रघुवर, शेषनाग मुकुट में दिखेंगे लक्ष्मण…विशेष श्रृंगार के लिए दो माह से चल रही तैयारियां
आगरा में आज दोपहर बाद से उत्तर भारत की ऐतिहासिक रामबारात निकलेगी। राम बारात की भव्यता को चारों भाइयों का विशेष श्रृंगार और भी दिव्य बनाएगा। बारहद्वारी में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के मुकुट एवं पोशाक तैयार करने का काम श्रीरामलीला कमेटी की श्रृंगार कमेटी द्वारा किया जा रहा है। इसकी तैयारी पिछले दो माह से चल रही है। श्रृंगार कमेटी प्रभारी राहुल शर्मा ने बताया कि प्रभु श्रीराम के मस्तक पर इस बार करीब सात किलो का रजत मुकुट सुशोभित होगा। मुकुट में सूर्य चिन्ह बनाया गया है, जो प्रकाश की किरणों के साथ प्रभु श्रीराम के तेजस्वी स्वरूप को निखारेगा। इसमें जयपुर से लाई गई विशेष कलगी, भगवान विष्णु के पांच आयुध और नृत्य करते मोर की आकृति भी बनाई गई है। प्रभु श्रीराम पीतांबरी शेरवानी पर मेहरून रंग के काम और गोट से सजी पोशाक धारण करेंगे।
साढ़े छह किलो के लक्ष्मण मुकुट में होगी शेषनाग की आकृति
राहुल शर्मा ने बताया कि लक्ष्मण जी का रजत मुकुट करीब साढ़े छह किलो वजनी होगा। इसमें रत्नों के साथ शेषनाग की आकृतियां बनाई गई हैं। रोशनी पड़ने पर मुकुट में लगा शेषनाग का चिन्ह चमकता हुआ दिखाई देगा। इससे लक्ष्मण जी के दिव्य स्वरूप की विशेष झलक देखने को मिलेगी। भरत और शत्रुघ्न के लिए भी पूरी तरह रजत के मुकुट तैयार किए गए हैं। इनका वजन करीब साढ़े तीन से चार किलो होगा। मुकुटों में कलंगी सहित अन्य आकर्षक अलंकरण लगाए जाएंगे। राहुल शर्मा ने बताया कि चारों भाइयों के श्रृंगार में पारंपरिक स्वरूप, गरिमा और मर्यादा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मुकुट और पोशाक इस तरह तैयार किए जा रहे हैं कि राम बारात की रोशनी में चारों स्वरूपों की दिव्यता और अधिक निखरकर सामने आए।
श्रृंगार प्रमुख राहुल शर्मा ने बताया कि मुकुट और पोशाक तैयार करने में पूरी टीम पिछले दो माह से लगातार जुटी हुई है। श्रृंगार कमेटी में राम अभिषेक शर्मा, सुमित बंसल, किट्टू शर्मा, रवि बंसल, अभिषेक अग्रवाल, हिरदेश वल्लभ गोस्वामी, अमित गुप्ता, ब्रज मोहन पाराशर, पं. तुषार शर्मा, क्रिश बंसल, सार्थक बंसल, राम वरुण शर्मा, कृष्णा अग्रवाल, माधव पाण्डेय, आदित्या शर्मा (कोको), शुभम उपाध्याय, यश पाराशर, हर्ष पाराशर और सक्षम शर्मा शामिल हैं।