Sunday , 22 November 2026
Home बिगलीक्स Janakpuri Agra 2026: After worshipping Mother Gaura, Sita ji set out to tour the city with her companions…#agranews
बिगलीक्स

Janakpuri Agra 2026: After worshipping Mother Gaura, Sita ji set out to tour the city with her companions…#agranews

285

आगरालीक्स…जनकपुरी में निकला माता सीता जी का डोला. मां गौरा के पूजन के बाद सखियों संग नगर भ्रमण पर निकलीं सीताजी. गूंजे जयकारे. जनकपुरी की भव्यता मोह रही मन

“पूजन गौरि सखीं लै आईं, करत प्रकासु फिरहिं फुलवाईं…” श्रीरामचरितमानस की यह चौपाई मंगलवार को जनकपुरी बने भावना एस्टेट में साक्षात साकार होती दिखाई दी। रामबरात के आगमन से पूर्व जनकनंदिनी माता जानकी सखियों सहित मां गौरा के दर्शन और पूजन के लिए डोले में नगर भ्रमण पर निकलीं तो पूरा भावना एस्टेट मिथिला की भक्ति और उल्लास में डूब गया। सूर्य की रोशनी सा चमकता जनकपुरी का भव्य स्वरूप, सड़क के एक ओर सजी आकर्षक थ्री डी झांकियां, जगमगाती रोशनी और भव्य जनक मंच, पूरे मार्ग पर ऐसी छटा बिखरी थी, मानो जनकपुर की गलियां भावना एस्टेट में ही उतर आई हों। गणपति किंग्स काउंटी से आरंभ हुए माता जानकी के डोले के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में मिथिलावासी मार्ग के दोनों ओर उमड़ पड़े।

गणपति ने की अगवानी, जनक बांटते चले विवाह का न्योता
माता जानकी के डोले की अगवानी गणेश जी की सवारी ने की। गणपति की सवारी के पीछे राजा जनक और रानी सुनैना के स्वरूप अशोक कुमार गोयल और लता गोयल आगे-आगे चलते हुए मिथिलावासियों को अपनी जनकनंदिनी के विवाह का निमंत्रण देते रहे। वह लोगों को राम-जानकी विवाहोत्सव में शामिल होने का न्योता देते हुए जनकपुरी की ओर बढ़ते चले। इसके पीछे सखियों से घिरीं माता जानकी का डोला चल रहा था। जनकदुलारी की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह माता जानकी के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर डोले का स्वागत किया।

गणपति किंग्स काउंटी में चरम पर पहुंची आस्था
माता जानकी का डोला जब गणपति किंग्स काउंटी से उठा तो वहां आस्था और भक्ति अपने चरम पर दिखाई दी। एक ओर अंतरराष्ट्रीय भजन गायक सीपी शर्मा की भजन प्रस्तुति वातावरण को लगातार भक्तिमय बना रही थी, वहीं दूसरी ओर गणपति किंग्स काउंटी के सदस्यों ने माता जानकी के स्वरूप को डोली में उठाकर स्वयं को धन्य अनुभव किया। मुख्य संयोजक मनोज बंसल के नेतृत्व में गणपति किंग्स काउंटी की ओर से माता जानकी और राजा जनक के परिवार का भव्य स्वागत किया गया। पूरे परिसर में दक्षिण भारतीय परंपरा की विशेष रंगत दिखाई दी। इसी परंपरा के अनुरूप स्वागत में शामिल लोगों ने पारंपरिक वस्त्र धारण किए हुए थे, जिसने पूरे आयोजन को विशिष्ट सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर मनोज बंसल, प्रशांत जैन, हेमेन्द्र जैन, अवधेश मित्तल, केके अग्रवाल, अंकुर मित्तल, स्वामीनाथ तिवारी, राकेश अग्रवाल और सुधांशु कक्कड़ आदि उपस्थित रहे।

मां गौरा के पूजन को निकलीं जनकनंदिनी
सखियों के साथ मां गौरा के पूजन के लिए जातीं जनकनंदिनी को देखकर ऐसा प्रतीत हुआ, जैसे त्रेता युग का जनकपुर फिर से जीवंत हो उठा हो। डोले के साथ चल रहे श्रद्धालु मां गौरा से माता जानकी के मंगल विवाह और प्रभु श्रीराम के साथ उनके पावन मिलन की प्रार्थना करते रहे। ओंकारेश्वर मंदिर में सीताजी ने मां गौरा का पूजन किया।

किशोर बैंड की भजन धुन पर थिरका मिथिला
डोले के साथ किशोर बैंड भजनों की मधुर धुन बिखेरता हुआ चल रहा था। भक्ति गीतों की स्वर लहरियां वातावरण में घुलीं तो मिथिलावासी नृत्य करते हुए आगे बढ़ने लगे। जय सियाराम और जय माता जानकी के जयकारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। माता जानकी की सखियां और मिथिला की महिलाएं भी डोले के साथ चल रही थीं। जनकपुरी महिला समिति की अध्यक्ष अमृता पोरवाल के नेतृत्व में महिलाएं सतरंगी साड़ियों की एकरूपता में सजीं तो उनकी टोली शोभायात्रा का विशेष आकर्षण बन गई।

जनकपुरी की भव्यता ने मोहा मन
भावना एस्टेट की सड़क पर सजी जनकपुरी की भव्यता देखते ही बन रही थी। रोशनी से जगमगाता पूरा मार्ग सूर्य की रोशनी सा दमक रहा था। सड़क के एक किनारे लगीं थ्री डी झांकियां श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही थीं। भव्य जनक मंच अपनी संपूर्ण सजावट के साथ मिथिला की राजसी छटा बिखेर रहा था।
डोला जैसे-जैसे आगे बढ़ता गया, दोनों ओर खड़े लोगों की भीड़ बढ़ती गई। माता जानकी के दर्शन होते ही श्रद्धालु हाथ जोड़कर नमन करते और जयकारों के साथ जनकनंदिनी का स्वागत करते रहे।

जनक परिवार भी रहा साथ
माता जानकी के डोले में राजा जनक अशोक कुमार गोयल और रानी सुनैना के साथ परिवार के सदस्य भी उत्साहपूर्वक शामिल रहे। जनक परिवार की ओर से शोभिक गोयल, मोहित गोयल, स्मृति गोयल, रिनी गोयल, कमल नयन, सुनीता मित्तल, अनुप्रिया गोयल, मंजू बंसल, रामू गोयल, नरेश मगाल, शुभम अग्रवाल, शैंकी बंसल, शिल्पी बंसल, शिप्रा जैन, निक्की अग्रवाल, मंगू बंसल और आयुषी बंसल आदि ने सहभागिता की।

बुधवार सुबह होगा रामबरात का भव्य स्वागत
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने बताया कि बुधवार सुबह रामबरात का भव्य स्वागत किया जाएगा। सुबह 6 बजे गणपति किंग्स काउंटी में रामबरात का स्वागत होगा। इसके बाद सुबह 8 बजे अल्पाहार के पश्चात प्रभु श्रीराम सहित सभी स्वरूप रजत रथ पर विराजमान होकर जनमासा की ओर बढ़ेंगे और कावेरी कौस्तुभ की ओर जाते हुए मिथिलावासियों को दर्शन देंगे।
इसके बाद सुबह 11 बजे भावना एस्टेट स्थित भावनेश्वर मंदिर में तुलसी-शालिग्राम विवाह की सभी रस्में विधि-विधान से पूर्ण की जाएंगी।

शाम को जनक मंच पर होंगे स्वरूपों के दर्शन
शाम को भव्य जनक मंच पर श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम, माता जानकी सहित सभी स्वरूपों के दर्शन होंगे। जनक मंच के समीप बने सांस्कृतिक मंच पर नासिक का लाइव बैंड गणेश वंदना प्रस्तुत करेगा। वहीं इंडिया गॉट टैलेंट की टीम हनुमान स्तुति की विशेष प्रस्तुति देगी।

महिलाओं में रहा विशेष उत्साह
सीताजी के डोले में रेखा यादव, अनीता यादव, अमृता पोरवाल, साधना गुप्ता, प्रीति, आरती शर्मा, शीतल अग्रवाल, एकता बंसल, शुचि खंडेलवाल, अलका गोयल, खुशबू गोयल, रुचि बंसल, शिल्पी मित्तल, शालिनी जैन, अनीशा शर्मा, मिशी यादव, रितु दुबे, सोनाली गोयल, शिवानी जैन, सीमा सिंह, प्रीती शर्मा, निधि मंगल, आकांक्षी शर्मा, रितु, सिम्मी, संगीता, चारु, चित्रा, रश्मि, ज्योति,अनुराधा आदि सखियों के रूप में शामिल रहीं।
इस अवसर पर मुख्य रूप से संतोष कटारा, अशोक कुमार गुप्ता, संजय गोयल, मनोज बंसल, अजय गर्ग अवागढ़, धर्मेश जैन, मनोज जादौन, हितेश लवानिया, राणा सुशील सिंह, आकाश वाला, अंकुश मित्तल, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, नरेंद्र सिंह सेंगर, सतीश ठाकुर, अरविंद शर्मा, नरेंद्र गुप्ता, प्रशांत जैन और अरुण तिवारी आदि मौजूद रहे।

गौरा पूजन की परंपरा निभाने निकलीं जनकदुलारी
मिथिला की विवाह परंपरा में मां गौरा के पूजन का विशेष महत्व है। विवाह से पूर्व माता सीता द्वारा सखियों के साथ मां गौरा का पूजन किए जाने की परंपरा आज भी श्रद्धा के साथ निभाई जाती है। मान्यता है कि माता जानकी ने मां गौरा की आराधना कर अपने मन की कामना व्यक्त की थी और मां गौरा ने उन्हें श्रीराम को पति रूप में प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया।

Written by
Agraleaks Team

AgraLeaks is a prominent digital news platform dedicated to delivering timely and reliable news from Agra and the surrounding regions. Established over a decade ago, AgraLeaks has become a trusted source of local journalism, covering a wide range of topics including city news, politics, education, business, sports, health, and cultural events. Its mission is to keep citizens informed and connected with developments that directly impact their community. With a strong focus on hyperlocal reporting, AgraLeaks provides real-time updates on important incidents, civic issues, public events, and government initiatives. Over the years, it has built a reputation for fast reporting and comprehensive coverage, making it one of the most recognized local news portals in Agra. The platform also features regional, national, and international news to offer readers a broader perspective beyond the city. Driven by the principle “Apki Khabar Hamari Nazar” (Your News, Our Watch), AgraLeaks continues to serve as a vital voice of the city, empowering readers with accurate information and strengthening the local media ecosystem through digital journalism.

Related Articles

बिगलीक्स

Agra News: Preparations underway in Agra for Guru Nanak Dev Ji’s 557th Prakash Parv..#agranews

आगरालीक्स…आगरा में गुरुनानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व की तैयारियां. गुरुद्वारा...

बिगलीक्स

Agra News: Guidelines for Marriage, Hotel & Guest House in Agra

आगरालीक्स आगरा में मैरिज होम, होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशाला के लिए...

बिगलीक्स

Agra News: FIR Lodged against Doctor couple & one other

आगरालीक्स आगरा के नामी हॉस्पिटल में आईवीएफ सेंटर खोलने और साझेदार बनाने...

बिगलीक्स

Agra News: Agra Weather forecast for 22nd November 2026

आगरालीक्स आगरा में आज कैसा रहेगा मौसम, जानें।आगरा में रविवार सुबह से...

error: Content is protected !!