आगरालीक्स….आगरा के दयालबाग में पोइया घाट पर फिर बन रहे पीपा पुल का विधायक और सांसद ने किया निरीक्षण. बोले—जल्द शुरू होगा पुल, कई किमी का लंबा रास्ता बचेगा..
आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के दयालबाग और एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र के पोइया घाट के मध्य यमुना नदी पर बन रहे पीपों के पुल का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे क्षेत्रीय भाजपा विधायक डा. धर्मपाल सिंह ने लोकनिर्माण विभाग और कार्यदाई संस्था के संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावित पीपा पुल का निर्माण कार्य तेजी से दीपावली के पहले पूरा करने के निर्देश दिए हैं। भाजपा विधायक डा.धर्मपाल सिंह मंगलवार को तहसील की ग्राम पंचायत पोइया के घाट पर बनने वाले अस्थाई पीपों के पुल के निर्माण कार्य को देखने पहुंचे।लोक निर्माण विभाग और उसकी कार्यदाई संस्था के अधिकारी भी उनके साथ थे। स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को पुल का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मेरा प्रयास है कि दीपावली के त्यौहार से पहले पुल पर आम जनता का आवागमन शुरू हो जाए। यमुना नदी पर इस पुल के शुरू होने से विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोगों के साथ अन्य नागरिकों को भी शहर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान लोकनिर्माण विभाग आगरा के अधिशासी अभियंता गजेंद्र कुमार वार्ष्णेय, सहायक अभियंता बिश्नोई, अवर अभियंता रविंद्र सिंह एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।
सांसद ने भी किया निरीक्षण
केंद्रीय राज्यमंत्री एवं आगरा सांसद प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने प्रस्तावित पीपा पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस पीपा पुल के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। लंबा रास्ता तय करने से राहत मिलेगी, समय और ईंधन की बचत होगी तथा आसपास के गाँवों के लोगों का आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा। यह पहल क्षेत्र के विकास को गति देने और स्थानीय नागरिकों की आवागमन संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
62.38 लाख रुपए की लागत से पांच घाटों पर बनेंगे अस्थाई पुल
प्रदेश शासन ने आगरा में पोइया समेत यमुना नदी के पांच घाटों पर पीपों के पुलों का निर्माण व मरम्मत कार्य करने को 62.38 लाख रुपए की धनराशि मंजूर की है। लोक निर्माण विभाग की सेतु शाखा लखनऊ के आवंटन पत्र मुताबिक दयालबाग-पोइया घाट पर 13.87 लाख रुपए, नगला चतुरा-सिकंदरपुर घाट पर 12.07 लाख रुपए, गिजौली-आनंदभैरों घाट पर 11.59 लाख रुपए, तनौरा नूरपुर-सुरहरा घाट पर 13.62 और समोगर घाट पर 11.23 लाख रुपए की धनराशि से पीपों के पुलों का निर्माण व मरम्मत कार्य किया जाएगा।