आगरालीक्स…आगरा में दिवाली पर 6 स्थानों पर लगेंगी 128 आतिशबाजी की दुकानें. 1 नवंबर तक दुकान के लिए कर सकते हैं आवेदन…लॉटरी सिस्टम से मिलेंगी दुकानें. जानिए पूरी प्रक्रिया और नियम
दिवाली पर हरित आतिशबाजी की बिक्री के लिए पुलिस कमिश्नरेट आगरा ने आवेदन लेना शुरू कर दिए हैं. आगरा शहर में अस्थायी पटाखा दुकानों के लिए छह स्थानों का चयन किया गया है. इन स्थानों पर कुल 128 आतिशबाजी की दुकानें लगेंगी. इनको अस्थायी लाइसेंस जारी किए जाएंगे. दुकानों के आवेदन के लिए 30 अक्टूबर से प्रक्रिया शुरू हो गई है जो कि एक नवंबर तक चलेगी.
पांच दिन लगेंगी ये दुकानें
डीसीपी सिटी ने बताया कि त्योहार को लेकर आगरा में 6 से 10 नवंबर तक ही आतिशबाजी की बिक्री अस्थायी दुकानों पर की जाएगी. इसकी अनुमति केवल 5 दिन के लिए ही है.
जानिए कहां कितनी दुकानें लगेंगी
जीआईसी मैदान लोहामंडी में 25 दुकानें
बैपटिस्ट हायर सेकेंडर स्कूल का खाली मैदान साईं की तकिया में 10 दुकानें
कंपनी गार्डन सदर बाजार में 17 दुकानें
शक्तिनगर, सदर बाजार के खाली मैदान में 10 दुकानें
मेहताब बाग पार्किंग के सामने खाली मैदान में 50 दुकानें
यमुना किनारा कॉरिडोर पार्क रकाबगंज में 16 दुकानें
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार हरित आतिशबाजी की दुकान के आवेदन के लिए 10 हजार रुपये का बैंक ड्राफ्ट प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस लाइंस कमिश्नरेट आगरा के नाम से बनवाना होगा. इसके साथ दो फोटो, आधार कार्ड की छायाप्रति और ड्राफ्ट की रसीद लेकर पुलिसउपायुक्त नगर कार्यालय से आवेदन प्राप्त करना होगा. आवेदन 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कलक्ट्रेट स्थित डीसीपी सिटी कार्यालय के वाचक कार्यालय में जमा कराना होगा. एक व्यक्ति के नाम पर एक ही स्थान के लिए आवेदन होगा.
लॉटरी से होगा आवंटन
किसी स्थान पर निर्धारित दुकानों से अधिक आवेदन आने पर 4 नवंबर को सुबह 10 बजे डीसीपी नगर कार्यालय में लाटरी के माध्यम से आवंटन किया जाएगा. आवंटित दुकान का आकार 10 बाई 10 फुट होगा. दुकानों के बीच कम से कम 10 फुट की दूरी रखनी होगी. इसके अलावा अग्निशनम अधिकारी से एनओसी लेना अनिवार्य होगा. दुकानदारों को दुकान में पानी और रेत से भरी कम से कम दो दो बाल्टियां रखनी होंगी. 10 नवंबर के बाद पटाखों की बिक्री नहीं की जा सकेगी. दुकानदार केवल अनुमन्य ब्रांड के हरित पटाखे की बेच सकेंगे. उल्लंघन करने पर विक्रेता के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी.