आगरालीक्स…आगरा के फाइव स्टार होटल में अंग्रेजी नहीं समझने पर गेस्ट ने वेटर को मारा थप्पड़. होटल प्रबंधन ने गेस्ट की आजीवन एंट्री की बैन
आगरा के ताजमहल पूर्वी गेट स्थित होटल ताज आगरा में एक मेहमान पर होटल प्रबंधन द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है. अंग्रेजी न समझने पर मेहमान ने एक वेटर को थप्पड़ जड़ दिया था. इस घटना पर सख्त रुख लेते हुए होटल प्रबंधन ने गेस्ट को आजीवन ब्लैकलिस्ट कर दिया है. होटल का संचालन कर रहे एसएलएमजी बेवरेजेज कंपनी के संयुक्त प्रबंध निदेशक पारिताष लधानी ने आरोपी मेहमान के प्रवेश पर आजीवन प्रतिबंधन लगा दिया है.
उन्होंने प्रोफेशन नेटवर्किंग प्लेटफार्म (लिंक्डइन) पर इस घटना के बारे में जानकारी दी और गेस्ट को आजीवन ब्लैक लिस्ट करने की जानकारी दी. उन्होंने लिखा कि वेटर हमारे रेस्टोरेंट में एक गेस्ट को सर्विस दे रहा था. उसे अंग्रेजी बहुत अच्छे से बोलनी नहीं आती थी…और गेस्ट के साथ कुछ गलतफहमी हो गई…इस पर उस गेस्ट ने उसे थप्पड़ मार दिया. लेकिन वेटर ने इस पर न तो कोई विरोध किया और न ही कोई रिएक्ट. उसने इस बारे में बताया तक नहीं. जब मैंने उससे पूछा कि क्यों, तो उसने कहा कि “मैं आगरा के पास एक छोटे से गाँव के गरीब किसान परिवार से हूँ. इस होटल में काम करना मेरा सपना है। और मैं ऐसा कुछ नहीं करना चाहता था जिससे मेरा यह सपना खतरे में पड़ जाए या बर्बाद हो जाए.
पारितोष लधानी ने आगे लिखा कि जब मुझे इस बारे में पता चला, तो मुझे बहुत गुस्सा आया. अगले ही दिन, मैंने उस गेस्ट को अपनी प्रॉपर्टी से ब्लैकलिस्ट कर दिया (वह अभी भी ब्लैकलिस्टेड है!. एक लीडर के तौर पर, मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप कितने अमीर हैं, कितने प्रभावशाली हैं, या हमारे होटल में कितना पैसा खर्च करते हैं. किसी को भी मेरी टीम के किसी सदस्य का अपमान करने का हक नहीं है. और उनके साथ मारपीट करना तो दूर की बात है. यह एक कड़ा सबक है, लेकिन हर बिजनेस ओनर, मैनेजर या लीडर को यह बात समझनी चाहिए. अगर हमारे कर्मचारी अपनी गरिमा (dignity) के लिए खड़े होने से डरते हैं, तो उनके लिए खड़े होना हमारी जिम्मेदारी है.